जैसलमेर/लाठी. गांव में स्थित वन विभाग कार्यालय में लगे नलकूप का विद्युत कनेक्शन कटा होने के कारण यहां नर्सरी में लगे पौधे सूख चुके है। गौरतलब है कि वन विभाग के नलकूप का विद्युत बिल गत लम्बे समय से बकाया पड़ा है। जिस पर डिस्कॉम की ओर से 14 माह पूर्व कनेक्शन काट दिया गया। अभी तक राशि जमा नहीं करवाए जाने के कारण कनेक्शन पुन: नहीं जोड़ा गया है। ऐसे में नलकूप बंद पड़ा है तथा पौधों को पानी नहीं मिल रहा है। जिससे हजारों रुपए की राशि खर्च कर नर्सरी में विकसित किए गए पौधे जलकर खराब हो चुके है। विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते सरकार के पौधरोपण अभियान की भी हवा निकल रही है।
जमा नहीं करवाया बिल
वन विभाग का बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काटा गया है। इससे पूर्व नोटिस भी दिया गया, लेकिन बिल जमा नहीं करवाया गया।
-मनीष कुमार, कनिष्ठ अभियंता डिस्कॉम, पोकरण
उपस्वास्थ्य केंद्र व एएनएम के अभाव में जर्जर हो रहा भवन
मोहनगढ़. मोहनगढ़ से अलग हो कर नई ग्राम पंचायत बांकलसर का गठन किया गया था। करीब चार साल से अधिक का समय भी हो गया नव गठित ग्राम पंचायत को, लेकिन अभी तक यहां सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत मुख्यालय पर चिकित्सा सुविधाओं को अभाव बना हुआ है। बांकलसर में उपस्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन भी बना हुआ है, लेकिन यहां पर एएनएम को नियुक्ति नहीं दी गई है। इसके चलते उपस्वास्थ्य केंद्र के लिए बना भवन अब क्षतिग्रस्त होने लगा है। ग्रामीणों ने बांकलसर में एएनएम की नियुक्ति की मांग जिला प्रषासन से की है। बांकलसर के ग्रामीणों कमल सिंह, तेजराज सिंह, श्रवण सिंह, खेत सिंह, भीम सिंह, शैतान सिंह, शंकर सिंह आदि बताते हैं कि बांकलसर ग्राम पंचायत में चिकित्सा सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए मोहनगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाना पड़ता है। बांकलसर में उपस्वास्थ्य केंद्र के लिए भवन को बने काफी समय हो गया है, लेकिन अभी तक एएनएम की नियुक्ति नहीं दी गई। ऐसे में यहां के निवासियों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। रख-रखाव के अभाव में उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए बना भवन भी क्षतिग्रस्त होने लगा है। एएनएम की नियुक्ति के लिए कई बार जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों को भी अवगत करवाया गया। उसके बावजूद अभी तक कोई उचित कार्यवाही नहीं की गई है।





No comments:
Post a Comment