जैसलमेर/पोकरण. पंचायत समिति सांकड़ा की साधारण सभा की बैठक प्रधान अमतुल्लाह मेहर की अध्यक्षता, अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग व क्षेत्रीय विधायक सालेह मोहम्मद के मुख्य आतिथ्य, जिला प्रमुख अंजना मेघवाल के विशिष्ट आतिथ्य में समिति सभागार में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की पंचायतीराज, पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, सडक़, कृषि, वन विभाग, पशुपालन, रसद, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, मनरेगा, पोकरण-फलसूण्ड पेयजल लिफ्ट परियोजना सहित विभिन्न विभागों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। बैठक में विकास अधिकारी नारायण सुथार ने गत बैठक की कार्रवाई व विभिन्न विभागों की ओर से दी गई पालना रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिस पर सभी सदस्यों ने चर्चा की।
जलदाय अधिकारियों को घेरा
बैठक की शुरुआत में ही जनप्रतिनिधियों ने पेयजल समस्या पर अधिकारियों को घेरा। पंचायत समिति सदस्य अर्जुनराम, आईदानसिंह भाटी, सरपंच मदनसिंह राठौड़, नाथूराम विश्रोई ने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, खराब पड़े हेण्डपंपों, जगह-जगह टूटी पाइपलाइनों, अवैध कनेक्शनों के कारण गांवों में पानी नहीं पहुंचने की समस्या पर अधिशासी अभियंता को आड़े हाथों लिया। जिस पर अधिशासी अभियंता सोनीलाल महावर ने बंद पड़ी जलप्रदाय योजनाओं को एक माह में शुरू करने, सभी खराब पड़े हेण्डपंपों को आगामी 15 दिन में ठीक करने, अवैध कनेक्शनों को अभियान चलाकर हटाने व पोकरण-फलसूण्ड पेयजल लिफ्ट परियोजना के माध्यम से गांवों में पानी पहुंचाकर व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिलाया। इसी प्रकार विद्युत समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
नौ माह बाद बैठक आयोजित होने पर जताया रोष
बैठक में पंचायत समिति सदस्य आईदानसिंह भाटी ने नौ माह के अंतराल के बाद बैठक आयोजित करने पर रोष जताया। उन्होंने बताया कि एक माह में बैठक आयोजित करने का नियम है, लेकिन गत नौ माह में एक बार भी बैठक आयोजित नहीं हुई। ऐसे में क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण कैसे हो पाएगा।
आपकी सरकार के है अधिकारी
बैठक के दौरान सरपंच मदनसिंह राठौड़ ने प्रधान अमतुल्लाह मेहर को उनकी सरकार का हवाला देते हुए अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए पाबंद करने की बात कही। जिस पर प्रधान मेहर ने कहा कि सरकार हमारी है, लेकिन अधिकारी आपकी सरकार के समय के ही लगे हुए हैं। अभी तक बदले नहीं हैं। फिर भी अधिकारियों को पाबंद कर समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक में इस वर्ष क्षेत्र में बारिश नहीं होने के कारण भीषण अकाल की स्थिति, पशुओं के लिए चारे, पानी की कमी को लेकर चर्चा की गई तथा राज्य सरकार से पशु शिविर खोलने, गोशालाओं को अनुदान देने, अनुदानित दरों पर चारा डिपो शुरू करने, अकाल राहत के कार्यों के तहत रोजगार दिलाने, पेयजल टैंकरों से जलापूर्ति व्यवस्था शुरू करने सहित मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी कार्य ज्यादा से ज्यादा खोलने, मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर पुख्ता प्रबंध करने, विद्युत संबंधी समस्याओं का निराकरण करने, क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत करने, पंचायतीराज विभाग में अधूरे पड़े कार्यों को पूरा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने सहित मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव लिए गए।
अधिकारी जिम्मेदारी से करें कार्य
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझें तथा संकट के समय जनप्रतिनिधियों व आम जनता की बात को सुनकर उनकी वाजिब मांगों के अनुसार लोगों को राहत देने के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि विकास व निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार व निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर कोई समझोता नहीं होगा तथा ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पशु शिविर व चारा डिपो खोलकर पशुधन को बचाने व क्षेत्र में पेयजल की व्यवस्था सुधारने का कार्य किया जाएगा। जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने विशेष रूप से पानी व बिजली विभाग से जुड़े अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर जनता की समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। प्रधान मेहर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पूर्व पंचायत समिति सांकड़ा व सरपंच संघ की ओर से कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।





No comments:
Post a Comment