Breaking News
recent

एक पंचायत ऐसी, लिया शराबबंदी का प्रस्ताव

नया सानवाड़ा. शराब दुकानों की लॉटरी प्रक्रिया को लेकर आबकारी विभाग की ओर से आवेदन लिए जा रहे हैं लेकिन गांव में शराबबंदी को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। नया सानवाड़ा में इस बार एक भी शराब की दुकान नहीं खोलने को लेकर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया है। ग्रामीणों ने एक स्वर कहा कि गांव में शराब की दुकान नहीं होनी चाहिए। साथ ही महिलाओं ने हाथ खड़े कर शराबबंदी का ऐलान कर दिया। अगर किसी भी ठेकेदार ने गांव में शराब की दुकान खोली तो इसका ग्रामीण विरोध करेंगे। शराबबंदी को लेकर ग्राम सभा में प्रस्ताव लिया गया। सरपंच ईश्वरसिंह दहिया ने बताया कि इस बार गांव में शराब की दुकान का आवंटन नहीं होगा। शराब की दुकान हटाने को लेकर करीब आठ साल से लोगों की शिकायत मिल रही थी। वहीं शराब की दुकान का गांव में आवंटन नहीं हो। इसको लेकर सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीण मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन देंगे।
आमजन को झेलनी पड़ती है परेशानी
ग्रामीण बताते हैं कि वर्तमान में गांव में दो जगह पर शराब की दुकान है। दोनों जगह पर शराब बेची जाती है। इसको लेकर भी ग्रामीणों ने कई मर्तबा प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। शराब की दुकान होने से आए दिन गांव में शराबियों का आतंक रहता है। वहीं शराब के नशे की जद में युवा पीढ़ी भी आ रही है। फोरलेन समेत कई जगहों पर शराबियों के होने के कारण आमजन को देर शाम आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसलिए ठेकेदार दिखाते हैं दिलचस्पी
गांव फोरलेन पर स्थित होने के कारण यहां पर शराब की दुकान अच्छी खासी चलती है। इस गांव में शराब की दुकान पर अंग्रेजी व देसी मदिरा मिलती है। ऐसे में कई वाहनचालक भी शराब की दुकान से शराब लेकर जाते हैं। साथ ही गांव के लोगों के साथ ही आसपास के गांवों के लोग भी शराब लेने यहां आते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस बार गांव में शराब की दुकान खोली गई तो विरोध किया जाएगा।
इनका कहना है...
ग्रामीणों ने ग्राम सभा में शराबबंदी करने को लेकर मांग की है। गांव में इस बार शराब की दुकान का आवंटन नहीं हो इसको लेकर आज जिला कलक्टर को ज्ञापन दिया जाएगा।
-ईश्वरसिंह दहिया, सरपंच नया सानवाड़ा



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.