रविन्द्र सिंह राठौड़
सीकर. ग्राम पंचायत गुहाला में आवारा घूम रही गायों की दुर्दशा देख ग्रामीणों ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इन गायों को गौशाला भेजकर गांव के प्रत्येक घर से गऊ ग्रास एवं खाद्य सामग्री लाने का काम शुरू किया हैं। गो सेवा समिति की ओर से किराए पर एक ऑटो भी लगाया गया है। यह ऑटो दोपहर १२ से २ बजे तक माइक पर अलाउंस करते हुए गांव के प्रत्येक घर से गऊ ग्रास व खाद्य सामग्री एकत्रित कर गौशाला पहुंचा देता है। ग्रामीणों की इस पहल का असर इलाके के दूसरे गांवों तक भी पहुंचा है। लोगों का कहना है कि इससे खेतों में होने वाले नुकसान से भी मुक्ति मिली है।
२०० गायों की भूख मिटाने का संकल्प
आठ से दस हजार की आबादी वाले इस गुहाला गांव के लोगों ने गौशाला की इन २०० गायों की भूख मिटाने का यह संकल्प लिया है। इस पहल के पीछे ग्रामीणों की मंशा यह है कि गांव के प्रत्येक घर से निकलने वाला गऊ ग्रास व खाद्य सामग्री सीधे गोमाता तक पहुंचे। पहले लोगों को गायों का इंतजार करना पड़ता था। उसके बाद जब गायें नजर नहीं आती तो बाहर ही खाद्य सामग्री छोडक़र जानी पड़ती थी। उसे गायों की बजाय अन्य जानवर आकर खा चले जाते थे।
पहल को आगे बढ़ाने का फैसला
ग्रामीणों ने इस पहल को आगे बढ़ाने का फैसला भी लिया है। धीरे-धीरे ग्राम पंचायत की अन्य ढ़ाणियों और गांवों में भी यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने इस काम के लिए एक अगल से ऑटो की व्यवस्था के लिए चंदा भी उगा लिया है। इस व्यवस्था के चलते ना तो ग्रामीणों के खेतों का नुकसान होगा। इस पहल में घनश्याम शर्मा, दिलीप शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, रामकिशोर चेजारा, विकास मोदी, कृष्ण सोनी, महेंद्र सैनी का अच्छा सहयोग रहा।





No comments:
Post a Comment