Breaking News
recent

खेड़ली पर रोका गुर्जरों ने रास्ता

पिपलाई . पांच फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर गुर्जर समुदाय के लोगों ने सोमवार दोपहर को खेड़ली मोड़ पर जाम लगा दिया। जाम स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में लाठी लेकर पहुंची। जाम के चलते इस मार्ग से आवागमन बंद हो गया। आंदोलन से जुड़े उपप्रधान विजय गुर्जर ने बताया कि जाम से पहले गांव के मंदिर पर पंच-पटेलों की पंचायत हुई। पंचायत में निर्णय लेकर आंदोलन के अगवा कर्नल किरोड़ी बैंसला के निर्देश पर शिवलाल गुर्जर खेड़ली के नेतृत्व में दोपहर 1.30 बजे गंगापुरसिटी-लालसोट मार्ग (एनएच 11 बी) पर जाम लगा दिया। आंदोलनकारी जाम लगाने के दौरान बीच सड़क पर बैठ गए और वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। देर शाम तक आंदोलनकारियों के पास कोई भी प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। खेड़ली पर जाम के चलते लोग वाहनों को वापस ले गए और दूसरे रास्तों से गंतव्य के लिए रवाना हुए। जाम के दौरान कुछ देर तक वाहनों लंबी कतार लग गई। आंदोलन में गुर्जर समुदाय की महिलाओं ने भी खूब भागीदारी निभाई। महिलाओं ने हाथों में लाठी लेकर नारे लगाते हुए आंदोलन का समर्थन किया।


सड़क पर लगा दी बैलगाड़ी
जाम लगाने के लिए युवाओं ने खेतों में तारबंदी के काम आने वाले तारों को सड़क के दोनों ओर बांध दिया। साथ ही खेड़ली मोड़ के तिराहे पर गाडिय़ा लोहारों की बैलगाड़ी, पत्थर व लकड़ों से मार्ग को जाम कर दिया।


अलाव के सहारे रात
सवाई माधोपुर. कुशालीदर्रा पर जाम लगाने के बाद आंदोलन स्थल पर अंधेरा होते ही अलाव जल उठे। गुर्जर समाज के लोग तेज सर्दी में अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचने का जतन करते नजर आए। वहीं रात में आंदोलनकारियों के लिए आस-पास के गांवों से रजाई, कंबल मंगवाए।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.