170 नशे की गोलियां व 350 ग्राम पोस्त मिला
रिडमलसर-श्रीगंगानगर. पुलिस की ओर से जिले में चलाए गए जागरुकता अभियान का अब असर दिखने लगा है। इस अभियान का ही असर था कि घमूडवाली थाना इलाके के गांव बींझबायला में एक व्यक्ति नशे की गोलियां व पोस्त बेचने के लिए आया था, जिसको ग्रामीणों ने दबोच लिया लेकिन जैसे-तैसे वह छूटकर भाग निकला। जब तक पुलिस पहुंची तो वह दूर जा चुका था। मौके पर उससे छुड़ाई हुई नशे की 170 गोलियां व 350 ग्राम पोस्त पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को नामजद कर तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि एक युवक बींझबायला में सुबह नशे की गोलियां ले जा रहा था। यह पहले भी मेडिकेटेड नशा सहित पकड़ा गया था। ग्रामीणों ने उसको घेर कर पकड़ लिया। जिसको लेकर वहां हंगामा हो गया। इसी दौरान युवक का परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजनों ने उसको छुड़ा दिया और आरोपी वहां से फरार हो गया। ग्रामीणों ने इस युवक से एक लिफाफे व पॉलीथिन को छीन लिया था। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की सूचना मिलने पर घमूडवाली थाना प्रभारी राजवीर सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और मौके से 170 नशे की गोलियां व 350 ग्राम पोस्त बरामद कर लिया। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक इलाके में काफी समय से नशा बेच रहा है। इस संबंध में पहले पुलिसकर्मियों को भी सूचना दी गई थी लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसके चलते बह बेखौफ नशा लेकर गांव में आता-जाता था। ग्रामीणों ने रविवार को हिम्मत करके उसको दबोच लिया था लेकिन वह छूटकर भाग गया। पुलिस ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे लेकिन जब तक आरोपी वहां से फरार हो गया था। मौके से नशे की गोलियां व पोस्त बरामद किया है। आरोपी बींझबायला निवासी प्रिंस है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस जीप के साथ लगा रखी है सेल्फी
- ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी प्रिंस काफी समय से नशे का कार्य कर रहा है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर थाने में पुलिस जीप के साथ अपनी सेल्फी लेकर लगा रखी है। ग्रामीणों का आरोप है कि वह थाने में भी आता-जाता था लेकिन पुलिस की ओर से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
इनका कहना है
- मैं दो दिन पहले ही थाने में ज्वाइन किया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गया था लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। मौके पर 170 नशे की गोलियां व 350 ग्राम पोस्त बरामद कर लिया है। आरोपी को नामजद कर तलाश की जा रही है।
राजवीर सिंह, थाना प्रभारी घमूडवाली।





No comments:
Post a Comment