Breaking News
recent

चिड़ावा के मंड्रेला मोड़ पर फिल्मी स्टाइल में कैंपर से पीछाकर कार को मारी टक्कर

चिड़ावा. वक्त: दोपहर एक बजकर 30 मिनट स्थान: पिलानी रोड। हर कोई आशंकित, अफरा-तफरी। दरअसल, यहां शनिवार दोपहर में आगे-पीछे दौड़ती गाडिय़ों ने हर किसी को सकते में डाल दिया। देखते-देखते कैंपर सवारों ने कार को टक्कर मारी। जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है। जिसके आरोपी शाम तक पुलिस के हाथ नहीं आए। मामले के अनुसार दोपहर में पिलानी रोड की तरफ से आ रही कार के पीछे सफेद कलर की कैंपर लगी थी।

 

दोनों ही गाडिय़ों की रफ्तार देखकर हर कोई आशंकित हो गया। जैसे ही स्विफ्ट कार मंड्रेला मोड़ पहुंची तो पीछे से आ रही कैंपर ने कार को टक्कर मारी। हमले की आशंका के चलते कार चालक भागकर दुकान में घुस गया। यहां से कैंपर चालक ने गाड़ी को पीछे कर फिर कार को टक्कर मारी। जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

 

कार के पीछे का शीशा व फाटक टूट गए। इस बीच मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद कैंपर सवार फरार हो गए। उधर, वारदात के बाद आस-पड़ौस के लोग एकत्र हो गए। गुस्साएं लोगों ने पुलिस की गाड़ी को रोक लिया। नारेबाजी कर विरोध जताया। पुलिस ने कैंपर का पीछा भी किया। इस संबंध में देर शाम तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।

 

बाल-बाल बचे महिला व सवारी
मंड्रेला मोड़ जैसे भीड़भाड़ भरे इलाके में तेज रफ्तार कैंपर व कार ने लोगों की जान जोखिम में डाल दी। यहां कार के टक्कर मारते समय एक महिला व बस की बाट देख रही सवारी कैंपर की चपेट में आते -आते बाल-बाल बचे। घटना के समय हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने इधर-उधर भागकर खुद को बचाया।

 

पुलिस पहुंची, लोगों ने जताया विरोध
दिन दहाड़े बदमाशों द्वारा उत्पात मचाए जाने के बाद लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पहुंची पुलिस की गाड़ी को घेर लिया। नारेबाजी कर विरोध जताया। लोगों का कहना था कि पुलिस के पहुंचने के बाद कैंपर सवार फरार हुए। पुलिस को कैंपर गाड़ी को रोकना चाहिए था। इस दौरान करीब दस मिनट तक लोग विरोध जताते रहे।

 

हाशिए पर कानून व्यवस्था, आक्रोश
चिड़ावा क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक गतिविधियों के चलते आमजन में आक्रोश व्याप्त है। गत कुछ माह में लगातार अपहरण, लूट व अन्य गंभीर वारदात हो रही हैं। मगर पुलिस हर मोर्चे पर विफल हो रही है। जिसके विरोध में जल्द ही लोग उच्चाधिकारियों से मिल सकते हैं।

 

रात को भी मारी थी स्कूटी को टक्कर
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर रात को सरकारी अस्पताल के सामने भी ऐसी ही वारदात सामने आई थी। इस मामले में कार सवार ने स्कूटी को चपेट में ले लिया था। जिस पर स्कूटी चालक ने कार को रोक लिया। मगर कार चालक ने स्कूटी को फिर से टक्कर मारी तथा फरार हो गया। इस घटना के बाद भी तमाशबीनों की भीड़ लग गई।

सारी में नकदी व जेवरात चोरी
चिड़ावा.सारी निवासी महिला ने एक जने के खिलाफ जेवर व नकदी चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज करवाया है। सीआइ संदीप शर्मा ने बताया कि सारी निवासी संतोष देवी ने रिपोर्ट दी।जिसमें बताया कि गांव का विकास उर्फ लिलिया ने घर में घुसकर 15 हजार 900 रुपए नकद, पाजेब, चैन व सोने का बादलिया चोरी कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.