Breaking News
recent

सैकड़ों युवाओं ने मानवता के लिए किया रक्तदान

सैकड़ों युवाओं ने मानवता के लिए किया रक्तदान

झुंझुनूंं. जिले में शनिवार को विभिन्न स्थानों पर लगे रक्तदान शिविरों में सैंकड़ों युवाओं ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपना फर्ज निभाया। सूरजगढ़. क्षेत्र के राजवीरपुरा गांव में शहीद ईश्वरसिंह भाटिया की 25 वीं पुण्य तिथि समारोह पूर्वक मनाई गई। इस मौके पर रक्तदान शिविर लगा। गांव के शहीद स्मारक पर हुए कार्यक्रम में अतिथियों सहित अन्य लोगों ने शहीद की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हे नमन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूरजगढ़ विधायक सुभाष पूनिया थे। अध्यक्षता दिल्ली पुलिस के एसीपी महेश ठोलिया ने की। जबकि विशिष्ट अतिथि प्रधान अनिल ठोलिया, जिला पार्षद सोमवीर लाम्बा थे। शिविर में 51 युवाओं ने रक्तदान किया। इस मौके पर शहीद वीरागंना शकुन्तला का सम्मान किया गया। बगड़. कस्बे के बगड़ नागरिक सदन में किसान कांग्रेस प्रदेश सचिव योगेन्द्रसिंह कालीपहाड़ी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर लगा। शिविर का उद्घाटन पूर्व विधायक श्रवण कुमार के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विशिष्ट अतिथि उपप्रधान रणधीर बुडानिया, युवा विकास मंच के अध्यक्ष मनोज मील, उपप्रधान उमराव सिंह, जयपहाड़ी पूर्व सरपंच अरशद अनिश, कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मुरारी सैनी, जाट महासभा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय मील, पंचायत समिति सदस्य पवन शर्मा, उप सरपंच अमर सिंह तंवर व अब्दुल अजीत खान थे। श्रवण कुमार ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन करना पुनित कार्य है। सभी को प्रेरणा लेते हुए अपने जन्मदिन पर ऐसे नेक काम करते रहना चाहिए। युवाओं ने 216 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में जेजेटी ब्लड बैंक व बीडीके अस्पताल की टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य किया। योगेन्द्रसिंह कालीपहाड़ी ने आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन महेन्द्र शास्त्री ने किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमाकान्त शर्मा, आमीर बख्तावरपुरा, सफीक, शाहरुख खान, पीएल सैनी, विक्की सैनी, विकास बागड़ी, सफीक गिडानिया, बंटी हलवाई, आदि मौजूद रहे।
पहले दिन 190 ने किया रक्तदान
पिलानी. बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी एण्ड साइंस बिट्स के एनएसएस की ओर से दो दिवसीय रक्तदान शिविर का उद्घाटन शनिवार को हुआ। संस्थान के ओल्डशेक में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान कुलपति प्रो. सौविक भट्टाचार्य, निदेशक डा. एके सरकार एवं एनएसएस के सिद्धांत द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने युवा से पीडि़त मावता के लिए रक्तदान करने की सलाह दी। एनएसएस की सुमेधा ने बताया कि दो दिवसीय शिविर के प्रथम दिन शनिवार शाम तक तीन सौ विद्यार्थियो ने रक्तदान के लिए नामांकन करवाया तथा 190 ने रक्तदान किया। शिविर में रेड क्रोस सोसायटी दिल्ली की टीमों ने रक्त संग्रहित किया।
रक्तदान करने वालों का होगा सम्मान
पिलानी. जन कल्याण युवा संस्थान शाखा पिलानी एवं शेखावाटी आयुर्वेद महाविद्यालय पिलानी के संयुक्त तत्वावधान में कस्बे के बिरला सार्वजनिक अस्पताल में रक्तदान शिविर रविवार को होगा। हृदय रोग विशेषज्ञ एवं अलवर सांसद डा. करणसिंह यादव के जन्म सप्ताह पर आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में रक्तदाता सम्मान समारोह में पिलानी विधायक जेपी चंदेलिया, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव यादव एवं हरियाणा सरकार में पूर्व मंत्री रहे राव नरेन्द्र सिंह अतिथि होंगे। शाखा अध्यक्ष डा. मनोज कुमार जांगिड़ ने बताया कि शिविर समापन पर शिविर में रक्तदान करने वाले युवाओं का सम्मान किया जाएगा।

jhunjhunu news

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.