पाली। डूंगरपुर में किसानों की ऋण माफी के नाम पर करोड़ों के घोटाले के बाद सरकार ने ऋण माफी के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अब किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन से ऋण माफ किया जाएगा। साथ ही किसानों से शपथ पत्र भी भरवाया जाएगा। इससे किसानों के नाम पर कोई और न तो ऋण ले पाएगा और न ही ऋण माफ करवा पाएगा। जिले में 79 हजार 665 किसानों के 296 करोड़ 32 लाख 72 हजार रुपए का ऋण बायोमेट्रिक सत्यापन े बाद माफ किया जाएगा।
फर्जीवाड़े से बचने के लिए तीन प्रक्रिया
ऋण माफी का प्रमाण पत्र देने से पहले किसानों का ऋण रजिस्टे्रशन होगा। इससे किसान के ऋण माफ होने के बाद उसके नाम से कोई ऋण माफ नहीं करवा पाएगा। वहीं ऋण लेने के लिए भी ऋण रजिस्टे्रशन होगा। इससे किसान के नाम से कोई और ऋण भी नहीं ले पाएगा। खास बात ये है कि ऋण माफी के लिए सॉफ्वेयर भी अपडेट किया गया है। जहां किसान का नाम डालते ही उसके ऋण की जानकारी आ जाएगी। इसके साथ उसके पूर्व में ऋण माफी की जानकारी भी दिखेगी। ऋण माफी के साथ किसान को शपथ पत्र देना होगा। इसमें वे
खुद के किसान होने, ऋण लेने का शपथ पत्र देंगे।
जिले के 54 हजार किसानों का डाटा पोर्टल पर अपलोड
बैंक अधिकारियों के मुताबिक अभी तक जिलेभर में 54 हजार 827 किसानों का डाटा ऋणमाफी पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। 29 हजार 119 किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन कर लिया गया है। सत्यापन के बाद किसानों को ऋण माफी प्रमाण पत्र बांटे जाएंगे
भूमि विकास बैंक भी ऋण माफ करेगी
भूमि विकास बैंक में कृषि कार्य के लिए 236 किसानों की ओर से लिए गए दीर्घकालीन करीब एक करोड़ 94 लाख रुपए के ऋण माफ किए जाएंगे। पहले चरण में 2 लाख रुपए तक के अवधिपार ऋण माफ होंगे।
296 करोड़ रुपए ऋण माफ होगा
किसानों के ऋण माफी के लिए बॉयोमेट्रिक सत्यापन से ऋण माफ किए जा रहे है। जिले के 79 हजार 665 किसानों के 296 करोड़ 32 लाख 72 हजार रुपए का ऋण माफ किया जाएगा। जिलेभर में ऋण माफी के शिविर लगाए जा रहे है। 28 फरवरी तक का लक्ष्य दिया गया है।
पूनाराम चोयल, कार्यवाहक प्रबंध निदेशक, दी पाली सैन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, पाली





No comments:
Post a Comment