सीकर.
शराब तस्करी जैसे मोटे मुनाफे से जुड़े कारोबार में पहली बार महिला तस्कर का नाम सामने आया है। जिसमें 50 वर्षीय महिला खुद शराब बेचने से लेकर उसकी तस्करी किया करती थी। सदर थाना पुलिस ने संबंधित महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 कार्टन शराब के बरामद किए हैं। जो उसने बोलेरो कार में भर रखी थी। पुलिस ने महिला के साथ पाटोदा निवासी विजय सिंह को भी गिरफ्तार कर दोनों को जेल भिजवा दिया है। सदरथाना प्रभारी करन सिंह खंगारोत के अनुसार जरिए मुखबिर सूचना मिली थी कि एक मेहरून रंग की बोलेरो गाड़ी में एक महिला शराब की अवैध तस्करी कर रही है। जो गाड़ी में शराब भरकर सेवद से सालासर की तरफ जा रही है। इस पर उपनिरीक्षक अनिता चौधरी के साथ पुलिसकर्मी राजेंद्र कुमार, धन्नाराम व देवीलाल को वाहन चेकिंग की नाकाबंदी के लिए भिजवाया गया। पुलिस टीम को दूर से आती बोलेरो दिखाई तो उसे रूकवाकर तलाशी लेने पर उसमें 10 कार्टन अवैध सादा देशी शराब के प्लास्टिक के पव्वे भरे हुए थे। गाड़ी में चालक की सीट पर बैठे बोलेरो मालिक विजय सिंह व पास वाली सीट पर बैठी लोठसर चूरू जिले की संतोष सांसी से पूछताछ की तो इनके पास शराब परिवहन का लाइसेंस नहीं मिला। इस पर दोनों को अवैध शराब की सप्लाई करते मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
सीट के बीच में छुपा रखी थी शराब
पुलिस के अनुसार महिला संतोष लंबे समय से शराब तस्करी से जुड़ी हुई है। जो खुद शराब बेचने का काम करती है। उसने शराब गाड़ी के अंदर पीछे की खड़ी सीटों के बीच में छुपा रखी थी। बोलेरो गाड़ी विजय सिंह की थी। जिसको पुलिस ने जब्त कर लिया है।
लॉटरी में भी महिला आगे आने लगी
आबकारी विभाग की ओर से शराब ठेकों की छूटने वाली लॉटरी में भी आवेदन कर महिलाएं आगे आने लगी है। पिछली बार भी लॉटरी के लिए करीब आधा दर्जन महिलाओं के नाम विभाग के पास पहुंचे थे।





No comments:
Post a Comment