सुमेरपुर. शहर के बाजारों की यातायात व्यवस्था में सुधारने में जुटा पुलिस प्रशासन जहां आमजन के लिए राहत बन रहा है। वहीं प्रवेश का समय बढाने की मांग को लेकर शहर के व्यवसाई एकजुट हो गए। गुरुवार को शहर के व्यवसाइयों के साथ प्रशासन की वार्ता के बाद दोपहर 12.30 के बाद कोई भी भारी वाहन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इस समय से पहले लोडिंग-अपलोडिंग में लगे भारी वाहन दोपहर 12.30 बजे से पूर्व बाजार से बाहर निकालने होंगे।
शहर के व्यापारियों ने गुरुवार को उपखण्ड अधिकारी विनोदकुमार मल्होत्रा से मुलाकात कर बाजार में यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 10 से सायं 6 बजे तक करने के निर्णय का विरोध किया। मामले को लेकर उपखण्ड कार्यालय में तहसीलदार नरेश सोनी व सीआई गौतम जैन के सान्निध्य में संक्षिप्त वार्ता रखी गई। व्यवसाईयों का कहना था कि भारी वाहनों का प्रवेश निषेध करने से व्यवसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। समय पर माल का लोडिंग व अपलोडिंग नहीं होने से ग्रामीण इलाकों में फुटकर व्यापारियों को समय पर किराणा सामान नहीं भेज पा रहे हैं।
दोपहर 12.30 से सांय 6 बजे तक भारी वाहनों का रहेगा प्रवेश निषेध
वार्ता के दौरान सीआई गौतम जैन ने कहा कि बाजार की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए व्यवसायियों की भागीदारी जरुरी हैं। व्यवसायियों ने दोपहर 1 बजे तक भारी वाहनों को प्रवेश देने की मांग रखी। काफी देर तक चली वार्ता के बाद आखिर प्रशासन ने बीच में रास्ता निकाला। प्रशासन ने बाजार में पूर्व में सुबह 10 से सायं 6 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद किया था। लेकिन अब दोपहर 12.30 से सायं 6 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद किया हैं। दोपहर 12.30 बजे तक माल के अपलोडिंग-लोडिंग कर रहे भारी वाहनों को बाजार से निकालना होगा। इस अवधि के दौरान बाहर से दूसरे भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। व्यवसायियों ने प्रशासन का आभार जताते हुए दोपहर 12.30 बजे से पूर्व भारी वाहनों से लोडिंग-अपलोडिंग कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।





No comments:
Post a Comment