-सुबह-शाम और रात को ही रह गया हल्की सर्दी का अहसास
प्रतापगढ़. जिले में सर्दी की विदाई हो गई है तो गर्मी ने दस्तक दे दी है। सूर्यदेव के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी का अहसास बढ़ता जा रहा है। सर्दी का हल्का असर सुबह-शाम और रात को ही रह गया है जबकि दोपहर के समय सूरज की तपिश सताने लगी है। अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है जिसके चलते रातें पहले से कुछ गर्म होने लगी है।
तापमान की स्थिति
जिले में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। यहां एक फरवरी को अधिकतम तापमान 24 डिग्री व न्यूनतम तापमान 08 डिग्री के करीब था। इसके बाद बढ़ते-बढ़ते 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं 22 फरवरी को अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
पहने जाने लगे हल्के कपड़े
जिले में कुछ समय पहले तक हल्की सर्दी का अहसास बने रहने के कारण गर्म कपड़ो से निजात नहीं मिल पा रही थी। लेकिन गर्मी का जोर बढऩे के साथ ही अब गर्म कपड़ों से निजात मिल गई है और लोग हल्के सूती कपड़े पहनने लगे हैं।
नकाबपोश बनने लगे वाहन चालक
गर्मी की दस्तक के साथ ही दुपहिया वाहन चालक दोपहर के समय सूरज की तपिश से बचने के लिए नकाबपोश बनने लगे हैं। खासकर युवतियां तो पूरे मुंह और बालों को ढककर वाहन चलाने लगी हैं।
कभी तेज कभी कम रफ्तार
गर्मी का अहसास बढऩे के साथ ही लोग इससे निजात पाने के जतन करते दिखाई देने लगे हैं। घरों व दुकानों में पंखे चलना शुरू हो गए हैं। हालांकि अभी इनकी रफ्तार गर्मी के अहसास पर निर्भर है। गर्मी का अहसास बढऩे पर इसकी रफ्तार बढ़ जाती है तो गर्मी कम लगने पर इनकी रफ्तार कम या बंद कर दी जाती है।
जाती सर्दी का डर
यों तो सर्दी का अहसास कम होने लगा है और गर्मी का असर बढ़ रहा है लेकिन लोगों में जाती सर्दी की चपेट में आने का डर है। ऐसे में बचाव के लिए एहतियात बरती जा रही है। हल्की सर्दी का अहसास होने पर हल्के गर्म कपड़े पहन लिए जाते हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गो को लेकर खास सावचेती बरती जा रही है।
बदलने लगा जायका
गर्मी की दस्तक के साथ ही लोगों का जायका बदलने लगा है। लोगों को ठंडे फल, शीतल पेय पदार्थ, आइस्क्रीम और मौसमी ठंडे फल आदि भाने लगे हैं जिसके चलते इनकी बढ़ती मांग को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर इनकी दुकानें खुलने लगी हैं। जहां लोगों को फल आदि खरीदते और शीतल पेय व आइस्क्रीम का लुत्फ उठाते हुए देखा जा सकता है।





No comments:
Post a Comment