Breaking News
recent

वीर भूमि के प्रवेश द्वार पर उपेक्षा का शिकार बस स्टैण्ड

प्रमोद भटनागर

राजसमंद. जिले के खमनोर तहसील मुख्यालय का बस स्टैण्ड खराब सड़क और अव्यवस्थित यातायात से पूरी तरह बदहाल बना हुआ है। जबकि, यहीं से होकर पर्यटक एतिहासिक और वीर भूमि हल्दीघाटी की ओर जाते हैं।
कस्बे के बस स्टैण्ड पर दिनभर सैकड़ों की संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। इनमें विभिन्न रुटों पर संचालित निजी बसों के साथ ही पर्यटकों के वाहन, भारी वाहन आदि शामिल हैं। वहीं, स्थानीय वाहनों का भी यहां दबाव बना रहता है। ऐसे में खराब सड़क से दिनभर धूल उड़ती रहती है। बस स्टैण्ड पर यातायात के बिगड़ते हाल को देखते हुए छह माह पहले ही ग्राम पंचायत द्वारा बरसों से लगे केबिन, थडिय़ों आदि को हटवाया था। पंचायत द्वारा बस स्टैण्ड स्थित प्रताप तिराहा का सौन्दर्यीकरण भी किया गया, लेकिन उसके बाद वाहनों कीपार्किंग व सड़क निर्माण का काम अब तक लम्बित है। ऐसे में राहगीरों, पर्यटकों के साथ ही ही वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यात्री प्रतीक्षालय बना खण्डहर
बस स्टैण्ड पर वैसे तो यात्री प्रतीक्षालय बना हुआ है, लेकिन वह खण्डहर बन चुका है। यहां पर नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का आलम है। वहीं, यात्री सुविधाओं का भी अभाव है। ऐसे में बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बस स्टैण्ड पर शौचालय तो नहीं है पर मूत्रालय अवश्य है, लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से उसमें कोई जाना ही पसंद नहीं करता। यात्री प्रतीक्षालय रात में शराबियों का अड्डा बन जाता है और वे बोतलें मूत्रालय में डालकर चले जाते हैं।
बीच सड़क पर बसें
बस स्टैण्ड पर अव्यवस्था के चलते बसों के खड़े रहने की भी जगह नहीं है। ऐसे में यहां से संचालित होने वाली बसें बीच सड़क पर ही खड़ी रहती है। ऐसे में यहां अक्सर रास्ता जाम हो जाता है, जिससे हल्दीघाटी, रक्ततलाई जाने वाले पर्यटकों को भी दिक्कत होती है।

हादसे को न्योता बिजली पोल
कस्बे में बस स्टैण्ड से विद्युत निगम तक जगह-जगह बीच सड़क पर विद्युत पोल लगे हुए हैं। निगम कार्यालय के सामने भी सड़क पर बिजली का पोल लगा है। इसी तरह टैक्सी स्टैण्ड के पास बन रही सीसी सड़क के बीच बिजली के दो पोल आ रहे हैं। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है।
करवाएंगे समस्याओं का समाधान
बस स्टैण्ड तिराहे पर डामरीकरण का कार्य जल्द किया जायेगा। विद्युत पोल हटाने की कार्रवाई की जायेगी।
भानुप्रताप माथुर, एईएन सार्वजनिक निर्माण विभाग, नाथद्वारा

The victim of the neglect at the door of the brave land, the bus stand

Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.