गुढ़ाकटला. ग्रामीण सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ग्रामीण गौरव पथ विभागीय अनदेखी के चलते साकार नहीं हो सकी है। गौरव पथ निर्माण में उचित मापदण्ड नहीं अपनाए गए तो कहीं पर अधूरे कार्यों ने गांव का स्वरूप बिगाड़ कर रख दिया।
कस्बे में करीब 60 लाख की लागत से कराया गौरव पथ का निर्माण विभागीय उदासीनता एवं संवेदक की मनमर्जी के चलते पूर्ण नहीं हो सका। जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। निर्माण के दौरान नाली निर्माण नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़क पर फैल स्वच्छता अभियान पर पानी फेर रहा है तो निर्माण कार्य में गुणवत्ता नहीं होने के चलते सड़क मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर टूट चुका है।
सड़क की दोनों तरफ इन्टरलॉकिंग टाइलें भी उखड़ कर गांव की शोभा को बिगाड़ रही है। कस्बे के लाटा मोहल्ले में गौरव पथ निर्माण के दौरान नाली निर्माण नहीं होने से घरों का पानी सड़क पर फैल रहा है।
इससे लोगों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है। सड़क पर जमा गंदा पानी से दुर्गन्ध एवं बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है। गांधी चौक से पंचायत भवन तक सड़क के दोनों तरफ बिछाई टाइल्स टूट गई है। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कई बार इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों को कर दी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे गौरव पथ निर्माण महज खानापूर्ति बनकर रह गया है।
मापदण्डों के अनुरूप नहीं बनाया-
गौरव पथ निर्माण के दौरान अनियमितताओं को लेकर कई बार विरोध जताने पर भी संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते गौरव पथ उचित मापदण्डों के अनुरूप नहीं बनाया गया।
छोटेलाल सैनी, सरपंच ग्राम पंचायत गुढ़ाकटला
आरोप निराधार
कस्बे में गौरव पथ निर्माण में कोई कार्य बाकी नहीं है। नाली निर्माण सहित सम्पूर्ण कार्य हो चुके हैं। आरोप निराधार है।
पूरणसिंह सहायक अभियन्ता सार्वजनिक निर्माण विभाग, बांदीकुई।





No comments:
Post a Comment