नैनवां/बूंदी.
पांच फीसदी आरक्षण की मांग को लेकर रेलवे ट्रेक पर बैठे कर्नल किरोड़ीसिंह बैंसला के समर्थन में पांचवे दिन मंगलवार को भी टोपा गांव के पास गुलाबपुरा-उनियारा हाइवे पड़ाव डालकर जाम किया गया। समाज के लोगों ने सड़क पर ही देवनारायण जयंती समारोह मनाया। पड़ाव स्थल से टोपा गांव के देवनारायण मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई। मंगलवार को भी महिलाएं पड़ाव में शामिल रहीं। पड़ाव में शामिल होने के लिए समाज के लोग सुबह से ही पहुंचना शुरू हो गए थे।
गुर्जर आरक्षण समिति के जिला संयोजक राधाकृष्ण पोसवाल, नैनवां तहसील अध्यक्ष हीरालाल रैणा सहित अन्य पदाधिकारी समेत गांवों से लोग शामिल हुए। इधर, हालात पर निगरानी रखने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर सूरजसिंह नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दशरथसिंह, पुलिस उपाधीक्षक राजाराम मीणा व प्रशिक्षु आरपीएस धमेन्द्र डूकियां नैनवां में डेरा डाले रहे।
शोभायात्रा निकाली
महापड़ाव स्थल पर दोपहर तीन बजे देवनारायण जयंती समारोह का आयोजन के बाद शोभायात्रा निकाली। भैरूजी के स्थान पर देवनारायण की झांकी सजाकर पड़ाव स्थल पर लाया गया। जहां सामूहिक पूजा अर्चना व आरती की गई। शोभायात्रा साढ़े तीन बजे पड़ाव स्थल से एनएच से टोपा गांव के देवनारायण मन्दिर के लिए रवाना हुई। एनएच पर खानपुरा फीडर से होकर टोपा गांव में स्थित देवनारायण मन्दिर पर पहुंची। जहां पर भी श्रद्धालुओं ने सामूहिक पूजन के बाद आरती की।
एनएच व ढाबों पर पसरा सन्नाटा
जिस एनएच 148 डी पर 24 घंटे वाहन फर्राटे मारते निकलते उस मार्ग पर आने वाले वाले वाहनों का ट्रेफिक डायवर्ट करने से तीसरे दिन भी हाइवे पर सन्नाटा पसरा रहा। वाहनों की आवाजाही थमी रही। इससे ढाबे व चाय-नाश्ते की थडिय़ों पर कामकाज ठप रहा। जिन ढाबों पर रात दिन चहल-पहल रहती थी उन ढाबों पर सन्नाटा पसरा रहा। डायवर्ट मार्गो से आ-जा रहे वाहन जाम रहने से हिण्डोली की ओर से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकलना पड़ा। ट्रेफिक को डायवर्ट करने के लिए पुलिस कर्मी तैनात रहे। आरएसी की एक टुकड़ी व अतिरिक्त पुलिस बल गश्त कर रहा है।





No comments:
Post a Comment