Breaking News
recent

‘राष्ट्र हित, त्याग और बलिदान का संदेश देती रहेगी शहीदों की शहादत’

जैसलमेर/बडोड़ा गांव/डाबला. जिले के बडोड़ा गांव में बालेटा धाम के संत निरंजन भारती की अध्यक्षता में शहीद उम्मेदसिंह भाटी का श्रद्धांजलि समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने पुष्पांजलि दी। इस दौरान 10 पैरा रेजीमेंट के जवानों ने कमांडिंग ऑफिसर विशालसिंह के नेतृत्व में शहीद को सशस्त्र सलामी प्रदान की। इस दौरान उपस्थित समुदाय ने भी शहीद को पुष्पांजलि प्रदान कर जयकारों से आसमान गुंजायमान कर दिया। केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि वे एक दिन पहले धौलपुर के जैतपुर में शहीद भागीरथ सिंह की अंत्येष्टि में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि धौलपुर सहित देश के तमाम युवाओं की आंखों में क्रोध व आक्रोश की ज्वाला देखी है। पुलवामा की घटना का बदला अवश्य लिया जाएगा। शहीद उम्मेदसिंह ने शहीद की शहादत को याद करते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठा को सदैव अपने प्राणों से ज्यादा कीमती माना जाता है। प्रधानाचार्य मगसिंह भाटी ने शहीद के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। वर्ष 1974 में 10 पैरा रेजिमेंट में भर्ती होने के बाद वे हवालदार बन गए और ऑपरेशन पवन में भाग लेते हुए वे श्री लंका के जाफना प्रायद्वीप भेजे गए। दिलेरी से लड़ते हुए उन्होंने सात आतंकियों को मार गिराया और बाद में शहादत को प्राप्त हुए। उन्होंने गांव के ही सपूत शौर्य चक्र विजेता शहीद कानसिंह सोलंकी, इंडियन ऑर्डर ऑफ मेरिट लेफ्टिनेंट कल्याणसिंह, राजनीति के पितामह पूर्व जिलाप्रमुख व विधायक भोपाल सिंह तथा संत मेहराजसिंह आदि का जिक्र करते हुए अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को विधायक रूपाराम, पूर्व विधायक छोटूसिंह, सांगसिंह, शैतानसिंह, पूर्व राजघराने के सदस्य रासेश्वरी राज्यलक्ष्मी, ठा. विक्रमसिंह, मेजर दलवीरसिंह, कमांडिंग ऑफिसर विशालसिंह, संत निरंजन भारती, विमल शर्मा, कूम्पसिंह पातावत आदि ने भी संबोधित किया।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय के नामकरण अमरशहीद उम्मेदसिंह भाटी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडोड़ा गांव की पट्टिका सहित मुख्य द्वार का लोकार्पण किया गया। हनुमान ट्रेवल्स की ओर से शहीद के परिजनों को आजीवन राजस्थान में नि:शुल्क बस यात्रा करवाने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, सुजानसिंह हड्डा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी आरके मीणा, डेलासर के महंत दीनपुरी, ठा. कंवराजसिंह, गिरधारीसिंह, सरपंच प्रेमाराम और राजपूत होस्टल, मूलाना तथा मूलाना के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सभी आगंतुकों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के अंत में कोजराजसिंह ने आभार जताया। संचालन दलपतसिंह पूनमनगर ने किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.