Breaking News
recent

सफाईकर्मियों से जुड़े सामानों की खरीद भी अटकी

सवाईमाधोपुर. कूड़ा-करकट उठाकर शहर को साफ.-सुथरा बनाने का दारोमदार सफाईकर्मियों पर है। वे हर पल संक्रमण का सामना करते हैं, ताकि शहरवासियों को शुद्ध वातावरण मिल सके, लेकिन उनकी जिंदगी में झांकने वाला कोई नहीं है। सुरक्षा के नाम पर इन सफाईकर्मियों को दस्ताने तक नहीं मिले। सुरक्षा उपकरण खरीदने में लम्बे समय से नगरपरिषद अधिकारी ढिलाई बरत रहे है। इनका खामियाजा सफाईकर्मी व शहरवासी भुगत रहे हैं। जानकारी के अनुसार नगरपरिषद में कुल 205 सफाईकर्मी कार्यरत है। इनमें 150 पुराने व 55 सफाईकर्मी नए कार्यरत है। इन तमाम सफाकर्मियों पर शहर के 45 वार्डों की जिम्मेदारी है। वे अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर जिम्मेदारी निभा रहे हैं। असुरक्षित तरीके से सड़क पर और नालियों में उतरकर गंदगी साफ करते हैं। इस दौरान उनके मुंह पर न तो कपड़ा बंधा होता है और न ही हाथों में दस्ताने होते हैं। इसका कारण यह है कि नगर परिषद ने इन्हें सुरक्षा उपकरण ही उपलब्ध नहीं करा रखे हैं। हैरानी की बात यह है कि नगरपरिषद को हर साल करोड़ों की आमदनी होती है। बजट सत्र में सफाईकर्मियों को सारी सुविधाएं देने के वादा करके भूल जाते हैं।


मांग कर रहे, पर खरीदे नहीं
नगरपरिषद से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में शहर की सफाई बदहाल होने के पीछे संसाधनों का अभाव है। सफाई के लिए 50 बेल्टा (कचरा भरने का), 50 हाथगाड़ी ट्रोली (कचरा गाड़ी) व 200 मास्क की आवश्यकता है। इन उपकरणों को खरीदने में नगरपरिषद अधिकारी देरी कर रहे हैं, जबकि सफाईकर्मी लम्बे समय से मांग करते आ रहे हैं।


बिना सुरक्षा कवच कर रहे काम
सफाईकर्मियों को सुरक्षा के लिए ड्रेस, गम बूट, दस्ताने, टोपी और मास्क नहीं दिया गया है। ऐसे में वे बिना सुरक्षा कवच के ही काम करने को मजबूर हैं। नालियों व सड़क की सफाई करते समय वे हर पल संक्रमण का सामना करते हैं।


प्रचार पर खर्च, सुरक्षा पर नहीं
सफाईकर्मियों की सुरक्षा को लेकर परिषद प्रशासन जरा भी गंभीरता नहीं दिखाता। स्वच्छता, स्वास्थ्य और शहर को साफ.-सुथरा बनाए रखने के लिए प्रचार-प्रसार पर लाखों रुपए पानी की तरह बहा दिए जाते हैं। विज्ञापन के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर वाहवाही लूटते है लेकिन सुरक्षा पर गंभीर नहीं है।


शहर, बजरिया में सफाई कर्मियों के लिए जरूरी उपकरण के लिए नगर परिषद आयुक्त को अवगत करा दिया गया है। जल्द ही उपकरण मंगवाए जाएंगे।
गजेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक, नगर परिषद, सवाईमाधोपुर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.