मानपुर. थानांतर्गत पांचोली गांव में गुरुवार को एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। शाम को मजदूरी से लौटे पति ने अंदर से दरवाजा बंद होने व चिल्लाने के बावजूद भी कोई हलचल नहीं होने की जानकारी ग्रामीणों को दी तो ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो महिला का शव फंदे से लटका हुआ मिला तथा पुत्र-पुत्री के शव जमीन पर मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने इसकी सूचना पीहर पक्ष को दी। समाचार लिखे जाने तक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई।
थाना प्रभारी सुरेन्द्रकुमार ने बताया कि पांचोली गांव के नाथ मोहल्ले में शाम करीब पांच बजे महुवा से मजदूरी कर लौटे हरीश जोगी घर पहुंचा तो कमरा अंदर से बंद मिला। पत्नी व बच्चों को काफी आवाज देने के बावजूद भी कोई हलचल नहीं हुई तो आस-पास के लोगों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने पति की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर देखा तो पत्नी प्रियंका (25) का शव फंदे से लटका हुआ था तथा बेटी काजल (3) व डेढ़ वर्षीय बेटे शेखर का शव जमीन पर पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही पुलिस मय जाप्ते के मौके पहुंची। जहां तीनों शवों को कब्जे में लेकर मौका मुआयना किया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिकराय रवाना कर कमरे को सील कर दिया। थानाधिकारी ने बताया कि पीहर पक्ष को सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों के बयान एवं प्रथम दृष्टया मामला बच्चों की हत्या के बाद आत्महत्या का लग रहा है। पीहर पक्ष की रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
महवा में मजदूरी कर लौटा था पति
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतका का पति हरीश शाम को महुवा से मजदूरी कर घर लौटा था। दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कुंदी लगी होने के कारण नहीं खुला। हरीश के चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर जाकर दरवाजा तोड़ा तो मां फंदे से लटकी हुई थी तथा मासूम बच्चों के शव फर्श पर पड़े हुए थे। बेटे के कपड़े भी गीले हो रहे थे।
घटना के बाद लगा जमघट
पांचोली में मां व दो मासूम बच्चों की मौत की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों का बड़ी तादात में घटनास्थल पर पहुंचना शुरू हो गया। पुलिस ने शवों को एंबुलेंस की सहायता से सिकराय अस्पताल के लिए रवाना कर कमरे को सील कर दिया।
ससुर विदेश में मजदूरी तो सास पोषाहार पकाने का करती है काम
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका प्रियंका अपने दो मासूम बच्चों के साथ दिन में अकेली रहती थी। उसका पति महुवा में बड़े भाई-भाभी के साथ मजदूरी करता है। ससुर विदेश में मजदूरी के लिए गया हुआ है, तथा सास विद्यालय में पोषाहार पकाने का काम करती है। मासूम शवों को देखकर घटनास्थल पर मौजूद लोग मृतका को कोसता नजर आया। पुलिस ने जैसे ही बच्चों के शवों को कमरे से बाहर निकाला तो लोगों की आंखें नम हो गई। पत् नी व दोनों बच्चों के शवों को देखकर पिता हरीश बेहोश हो गया। जिसे ग्रामीणों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद उसे वापस गांव भेज दिया।





No comments:
Post a Comment