सुमेरपुर (निसं). शहर के स्टेशन मार्ग पर पुलिस थाने के सामने बना गड्ढा वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान गौरव पथ निर्माण के दौरान मंगलकलश चौराहे से कृषि मण्डी द्वार तक सडक़ को चौडी की गई। सडक़ पर डामरीकरण करने के बावजूद जगह-जगह सडक़ क्षतिग्रस्त हो रही है। कंकरीट के नुकीले पत्थर बाहर निकल गए हैं। पुलिस थाने के सामने सडक़ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सडक़ पर गड्ढा बन जाने से वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
डिवाइडर के लिए लगे सीमेंट ब्लॉक भी टूट रहे हैं
किसान गौरव पथ निर्माण के दौरान संबंधित संवेदक के ढुलमुल रवैये के कारण सडक़ निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। गौरव पथ को देखकर कोई नहीं कह सकता है कि ये गौरव पथ है। सडक़ के बीच डिवाइडर के लिए सीमेंट के ब्लॉक लगा रखे हैं। वे भी जगह-जगह टूटकर गिर रहे हैं। इस बारे में न तो प्रशासन ध्यान दे रहा है और न ही जनप्रतिनिधि।
रामनगर में क्षतिग्रस्त सडक़ की हुई मरम्मत
सुमेरपुर (निसं). शहर से सटे रामनगर गांव में सडक़ बनने के दौरान गारंटी अवधि के भीतर ही सडक़ पर बने गड्ढों को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया। संवेदक द्वारा सडक़ पर बने गड्ढों की मरम्मत कर डामरीकरण किया गया।
राजस्थान पत्रिका में पिछले दिनों रामनगर गांव में गांरटी अवधि के पहले ही संपर्क सडक़ क्षतिग्रस्त होने व गड्ढों को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। समाचार प्रकाशित होने के बाद सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद संबंधित विभाग ने संवेदक को सडक़ पर बने गड्ढों को पाटने व डामरीकरण करने के लिए निर्देशित किया। संबंधित संवेदक के कार्मिकों ने सडक़ पर बने गड्ढों को सही किया। साथ ही डामरीकरण कर सडक़ को दुरुस्त किया। रामनगर के समाजसेवी श्रवणकुमार राव के साथ भंवर सोनी, चतरसिंह, प्रवीणसिंह, मोहनसिंह सिसोदिया, शैतानसिंह, तेजसिंह, करणसिंह, मंगलसिंह व महेन्द्रकुमार आदि ग्रामीणों ने गुरुवार को पत्रिका कार्यालय पहुंचकर पत्रिका के प्रयासों की सराहना की।





No comments:
Post a Comment