रायला (भीलवाड़ा).
अजमेर हाईवे पर गुरुवार शाम चाकू से हमला कर नकदी लूट की वारदात में परिवादी व साथी ही आरोपी निकले। परिवादियों ने शौक पूरे करने के लिए कर्ज ले रखा था, जिससे छुटकारा पाने को अपने दो साथियों की मदद से यह वारदात की। पुलिस ने महज 15 घंटे में मामले को सुलझाते चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
शास्त्रीनगर निवासी राजकुमार लछवानी (43) तथा हरणी महादेव मंदिर रोड निवासी मोहसिन मजहबी (18) ने गुरुवार को रायला थाना में रिपोर्ट दी कि वे गुरुवार सुबह टेम्पू लेकर भीलवाड़ा से गुलाबपुरा टूथपेस्ट सप्लाई करने गए। कलेक्शन लेकर गुलाबपुरा से लौट रहे थे कि लांबिया टोल के निकट शाम 6.45 बजे दो युवक बिन नम्बर की बाइक पर आए व रास्ता रोक लिया। एक ने मोहसिन को चाकू दिखाए 65 हजार रुपए नकदी से भरा बैग छीन लिया और भाग छूटे।
15 घंटे में खोला राज
पुलिस अधीक्षक योगेश यादव ने उप अधीक्षक गुलाबपुरा मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में टीम बनाई, जिसमें थानाप्रभारी महावीर सिंह, देवेंद्र सिंह, पवन कुमार, उमराव, रामनिवास प्रमोद कुमार शामिल थे। टीम ने शुक्रवार सुबह फिर मौका देखा। क्षेत्र में पूछताछ से मामला संदिग्ध पाया। टीम ने दोनों परिवादियों से कड़ाई से अलग अलग पूछताछ की तो मोहसिन टूट गया। उसने राजकुमार के साथ मिल कर ये फर्जी वारदात करवाई। दोनों ने बताया कि लूट को सही साबित करने के लिए प्रार्थी ने अपने कपड़े फाड़े तथा मोहसिन ने टेम्पू के कांच फोड़ खुद को चोट पहुंचाई।
शौक पूरे करने से कर्जा
पुलिस ने राजकुमार व मोहसिन के अलावा शास्त्री नगर निवासी वसीम पुत्र मोहम्मद हुसैन मेवाती तथा सोनू पुत्र बाबू मेवाती को भी गिरफ्तार कर लिया। इनसे लूटी राशि व वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली। वसीम व सोनू ने वारदात को अंजाम दिया। अपने शौक के चलते मोहसिन व राजकुमार पर कर्जा हो गया था, जिसे चुकाने के लिए कलेक्शन राशि को अपने साथियों से लूटवाने की साजिश रची।





No comments:
Post a Comment