Breaking News
recent

पर्यटन स्थल आभानेरी के विकास को लगने लगे पंख

बांदीकुई. यदि सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही पर्यटन स्थल आभानेरी की कायापलट हो सकेगी। इससे यात्रियों को समुचित सुविधाएं मुहैया हो सकेंगी। इसके लिए पर्यटन एवं पुरातत्व विभाग की ओर से तैयारियां जोरों पर हैं।
आठवीं सदी में नक्काशीदार पत्थरों से निर्मित चांदबावड़ी में शीघ्र ही टिकट जारी किए जाने की कवायद की जा रही है। इसी कड़ी में विदेशी पावणों की सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है।

 

 

सूत्रों के मुताबिक अप्रेल माह 2019 से चांदबावड़ी में टिकट के जरिए ही प्रवेश मिल सकेगा। इसके लिए विदेशी सैलानियों का 300 रुपए एवं स्थानीय लोगों से 25 रुपए शुल्क लेकर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं विदेशी सैलानियों के लिए चादबावड़ी के समीप स्थित पार्क में आरओ प्लांट लगाया जाएगा। इससे सैलानियों को शुद्ध पानी मुहैया हो सके। यदि कोई सैलानी दिव्यांग है। तो उन्हें भ्रमण के लिए व्हील चेयर की सुविधा भी पर्यटन स्थल पर मुहैया हो सकेगी। इसके लिए विभाग की ओर से व्हील चेयर भेज दी गई है। वहीं एक स्टॉल भी विकसित की जाएगी।

 

 


इस स्टॉल पर पर्यटक स्थलों के इतिहास से जुड़ी किताबें एवं प्रचार सामग्री प्रदर्शनी के रूप में लगाई जाएगी। इससे पर्यटन स्थलों के इतिहास से जुड़ी लोगों को समुचित जानकारी मिल सके।

 


पर्यटन स्थल पर पार्क, चांदबावड़ी परिसर एवं हर्षद माता परिसर में कचरा पात्र लगाया जाना शुरू कर दिया गया है। इससे स्वच्छ भारत अभियान के साथ ही सौन्दर्यकरण को भी बढ़ावा मिलेगा। चांदबावड़ी के पास ही वीआईपी सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। पार्क परिसर में पत्थर की बेंचें भी लगा दी गई हैं। जहां लोग कुछ देर बैठकर समय बिता सके। इसके अलावा चांदबावड़ी परिसर में भी मरम्मत कार्य भी कराया गया है।

 


विदेशी पावणों के लिए लगाए सुरक्षा गार्ड


पर्यटन स्थल पर विदेशी सैलानियों की संख्या में इजाफा होने के कारण अब सुरक्षा गार्ड भी लगा दिए गए हैं। यहां एसआईएस कंपनी की ओर से 7 सुरक्षा गार्ड लगाए गए हैं। जो कि 24 घण्टे रोस्टर के हिसाब से प्रत्येक 8 घण्टे के हिसाब से ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इससे आए दिन विदेशी सैलानियों से बच्चों के रुपए मांगने एवं होने वाली परेशानी से निजात मिल सकेगी। यहां आने वाले कई सैलानियों का पहले सामान भी गायब हो चुका था। ऐसे में अब सुरक्षा को बढ़ावा मिल सकेगा।

 


मंदिर के लगाया दरवाजा


पर्यटन विभाग की ओर से चांदबावड़ी में टिकट लागू किए जाने पर स्थानीय लोगों ने बालाजी मंदिर में पूजा-पाठ करने के लिए आने वाले ग्रामीणों को प्रवेश में छूट दिए जाने की मांग की थी। इस पर अब बालाजी मंदिर के समीप लोहे का गेट लगा दिया गया है। इस जगह से विदेशी सैलानियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। चांदबावड़ी में एक तरफ से ही प्रवेश एंव निकास की सुविधा चालू की गई है। इससे पूजा-अर्चना करने आने वाले लोगों को भी परेशानी नहीं हो।

 


बालाजी मंदिर के समीप से होगा प्रवेश


सूत्रों के मुताबिक हर्षद माता मंदिर के सामने स्थित बालाजी मंदिर के सामने प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। यहां से पार्थ वे भी बनाया जाएगा। जहां से ही विदेशी सैलानियों को अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए रैलिंग भी लगाई जाएगी। इससे आवागमन की भी समुचित सुविधा मुहैया हो सकेगी।

 


पार्किंग के लिए हो बड़ा भूखण्ड


पर्यटन स्थल पर आने वाले विदेशी सैलानियों के वाहनों की संख्या के हिसाब से वर्तमान में संचालित पार्किंग में जगह की कमी अखर रही है। मजबूरन वाहन चालकों को पार्किंग में जगह नहीं मिलने पर मुख्य सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। इससे आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। वर्तमान में पार्किंग का संचालन ग्राम पंचायत प्रशासन कर रहा है। ऐसे में वाहनों की संख्या के हिसाब से बड़ा भूखण्ड चिन्हित कर वहां पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे आमजन को राहत मिल सके। (ए.सं.)

 

 


शीघ्र होंगे टिकट जारी


पर्यटन स्थल पर टिकट जारी करने के लिए 45 दिवस का नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। उसकी भी समयावधी मार्च माह में पूरी हो जाएगी। इसके बाद टिकट जारी किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इससे पहले आने वाले पयर्टकों के लिए आवश्यक सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। इसी कड़ी में सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए हैं और कचरा पात्र व कुर्सियां भी लगा दी गई हैं।
हेमंत कुमार, वरिष्ठ संरक्षण सहायक



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.