Breaking News
recent

खेतों में जहर फैलाने वाला आरोपी सोशल मीडिया पर नई कार बुकिंग की फोटो कर रहा वायरल, पुलिस की नजर में फरार

पाली.
पाली व जोधपुर की नदियों में प्रदूषित व एसिडयुक्त पानी डालकर खेती की जमीन को बंजर करने वाले गिरोह का मुख्य सरगना सदर थाना पुलिस की नजर में फरार है, लेकिन आरोपी सोशल मीडिया पर एक्टिव है और पाली में खुलेआम घूम रहा है। वह नई कार बुकिंग की फोटो फेसबुक पर वायरल कर बधाइयां ले रहा है। पुलिस से जब इस बारे में बात की गई तो पता चला कि वह पुलिस को दिखा ही नहीं है। एेसे में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवालिया निशान लग रहा है।

जहर डाला जमीनों में, अब पुलिस को छका रहा

गत दिनों सदर थाना पुलिस ने एसिड केमिकल से भरा टैंकर पकड़ा था। पुलिस ने मामला भी दर्ज किया था। सदर थाना पुलिस की माने तो शहर के पुनायता गांव निवासी मगराज सिंह राजपुरोहित एसिड टैंकर माफिया का सरगना है। वह शहर के निकट ही रहता है। आरोपी मगराज आबूरोड रीको एरिया से खतरनाक एसिडयुक्त पानी लेकर जोधपुर व पाली की नदी व खेतों में खाली करवाता हैं। मगराज ने अपने पुनायता गांव के आस-पास के खेतों में एसिड के टैंकर खाली किए, वहां जमीनें बंजर हो गई है। अब पुलिस लगातार कह रही है कि उसकी तलाश जारी है। जबकि यह आरोपी पाली में ही खुलेआम घूम रहा है। सोशल मीडिया पर हाल ही में वायरल पोस्ट में वह नई कार बुकिंग की बधाइयां ले रहा है। पुलिस उसे ट्रेस नहीं कर रही है। मगराज पहले भी एेसे टैंकर यहां भेज चुका है। यह मामला पाली के लिए इतना गंभीर है कि इस प्रकरण की जांच एसओजी से करवाने की मांग भी उठ चुकी है। जबकि सदर थाना पुलिस इसे हल्के में ले रही है।

पुलिस फौरी औपचारिकताएं करके आ गई

सदर थाना पुलिस ने मामले में आबूरोड के रीेको एरिया स्थित अरबूजा केमिकल इण्डस्ट्रीज के मालिक अलकेश त्रिवेदी, सिरोही की कृष्णा फैक्ट्री के संचालक गुलाब सिंह, पाली के पुनायता निवासी मगराज राजपुरोहित व जोधपुर के टैंकर मालिक रामवस्वरूप विश्नोई को आरोपी बनाया था। मौके से पुलिस ने टैंकर चालक नारायण सिंह को गिरफ्तार किया था। नारायण सिंह की बताई जगहों पर सदर पुलिस आबूरोड व सिरोही जाकर आ गर्ई, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए। ये सभी आरोपी पाली में जहर फैलाने में भागीदार रहे हैं।

बिल्टियां जांच रहे

इस प्रकरण में बिल्टियों की जांच की जा रही है। बिल्टियां फर्जी निकली तो और मुकदमा दर्ज हो सकता है।
इसकी तस्दीक होते ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

- आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक, पाली



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.