कोटा. कोटा के विद्युत उपभोक्ता अब अपनी ही भाषा में बिजली से जुड़ी शिकायतें कर सकेंगे। स्थानीय उपभोक्ताओं को आ रही भाषाई और तकनीकी दिक्कतें देखते हुए केईडीएल ने कोलकत्ता में स्थापित कॉल सेंटर को जयपुर शिफ्ट करने का फैसला लिया है। जहां स्थानीय युवा अपनी ही भाषा में लोगों को बिजली से जुड़ी हर जानकारी देंगे। साथ ही उपभोक्ता अब व्हाट्सएप पर भी शिकायतें कर सकेंगे।
सरकार ने प्रदेश के तीन बड़े शहरों कोटा, भरतपुर और बीकानेर में विद्युत वितरण का जिम्मा सीईएसई राजस्थान को दे दिया था। जिसने हर शहर के नाम पर एक कंपनी बना बिजली सप्लाई का काम शुरू कर दिया, लेकिन उपभोक्ताओं की शिकायतों और समस्याओं का निवारण करने के साथ-साथ बिजली से जुड़ी सभी तरह की जानकारी देने के लिए कंपनी ने अभी तक कोलक्तात में ही उपभोक्ता कॉल सेंटर स्थापित कर रखा था। जिसमें काम करने वाले लोग तीनों शहरों की भौगोलिक स्थिति ही नहीं भाषा से भी पूरी तरह से अनजान थे। जिसके चलते उपभोक्ताओं को अक्सर सुनवाई न होने की शिकायत रहती।
शिफ्ट किया कॉल सेंटर
सीईएससी के सीईओ अमर नाथ सिंह ने बताया कि कंपनी को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कोलकत्ता स्थित कॉल सेंटर के कर्मचारी राजस्थान के उपभोक्ताओं की भाषा को नहीं समझ पा रहे। जिसके चलते न सिर्फ शिकायत दर्ज कराने, बल्कि बिजली से जुड़ी जानकारियां लेने में खासी परेशानी आ रही है। इस फीड बैक के बाद कंपनी ने जयपुर में कॉल सेंटर स्थापित करने का फैसला लिया है। कॉल सेंटर में स्थानीय युवाओं को ही लगाया गया है जो भाषा के साथ-साथ तीनों शहरों की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह परिचित हैं।
व्हाट्सएप पर भी कर सकते हैं शिकायत
सीईओ ने बताया कि जयपुर में स्थापित हो रहे कॉल सेंटर में 180 लाइनों की सुविधा होगी। जो ऑप्टिकल फाइबर, क्लाउड और वाईफाई नेटवर्क से लैस होगा। जिसके चलते आपात स्थितियों में भी कॉल सेन्टर चालू रह सकेगा। सेंटर के नम्बर पहले की तरह 18001021912 और 18002001912 ही रहेंगे। अमर सिंह ने बताया कि कॉल सेंटर के साथ ही विद्युत उपभोक्ता अब व्हाट्सएप (नम्बर 9116107372 ) पर भी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। साथ ही राज विद्युत एप
डाउनलोड कर इसके माध्यम से भी बिल सम्बंधी, बिजली बन्द होने, बिजली चोरी व अन्य जानकारी भी ले सकेंगे।





No comments:
Post a Comment