Breaking News
recent

जाम लगाकर जताया विरोध

दौसा. वकीलों ने एडीजे भर्ती परीक्षा में न्यायिक अधिकारियों को शामिल करने के विरोध सहित 14 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय परिसर के सामने सड़क मार्ग जाम कर विरोध-प्रदर्शन एवं नारे लगाए। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी गणपतराम चौधरी भी मय पुलिस जाप्ते तैनात रहे। शहर से कलक्टे्रट आवागमन करने वाले वाहनों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि मंगलवार को बनीपार्क न्यायालय परिसर में राजस्थान एडवोकेट संघर्ष समिति की बैठक हुई थी। उसमें विभिन्न जिलों से आए बार अध्यक्षों ने सर्वसम्मति से आंदोलन चलाने का निर्णय किया था। बैठक के आदेशानुसार जिला बार ने 15वें दिन भी धरना दिया और दोपहर को एक घंटे तक सड़क मार्ग पर जाम लगाया गया। इस अवसर पर धरने में बार महासचिव अतुल नागर, पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण दयालपुरा, योगेश जाखड़, जगजीवनराम बैरवा, अभिनन्दन गुप्ता, कुंजबिहारी शर्मा सहित कई वकीलों ने अपना सम्बोधन भी दिया। बार अध्यक्ष ने बताया कि गुरुवार को वकील कोर्ट से वाहन रैली निकाल कर गांधी तिराहे तक जाएंगे। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंच कर मुख्य न्यायाधीश व मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। वहीं धरना भी जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना ने भी वकीलों के आंदोलन का समर्थन किया। जिला बार अध्यक्ष ने राज्यसभा सांसद को वकीलों की समस्याओं से अवगत कराया गया। इस पर मीना ने सांसद कोटे से 10 लाख रुपए बार के विकास के लिए देने की घोषणा की। धरना स्थल पर रामेश्वर बैरवा, मुरली मनोहर शर्मा, दिनेश शर्मा, सुरेश गुर्जर आदि मौजूद थे।

बांदीकुई. एडीजे भर्ती परीक्षा के अधिवक्ता कोटे में न्यायिक अधिकारियों को शामिल करने के विरोध में बुधवार को अधिवक्ता सड़क पर उतर गए। दोपहर को बांदीकुई-अलवर सड़क मार्ग बसवा रोड पर करीब एक घण्टे तक जाम रखा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष श्यामसुन्दर अग्रवाल ने बताया कि कार्य का बहिष्कार कर न्यायालय परिसर मेें रखी बेंचों को उठाकर सड़क पर ले गए। जहां फर्श बिछाकर एवं बैंचों पर अधिवक्ताओं ने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस के जवान भी मौके पर तैनात रहे। वाहनों की लम्बी कतार लग जाने से आवागमन में खासी परेशानी झेलनी पड़ी। देश के लिए शहीद हुए सैनिको के समर्थन में नारेबाजी कर सहायतार्थ धन का संग्रह किया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष गुप्ता, रामराय शर्मा, विरेन्द्रसिंह कुशवाह, नवीन गुर्जर ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर अधिवक्ता महेन्द्रसिंह तंवर, धर्मेन्द्र शर्मा, अशोक पोषवाल एवं इन्द्रजीत कुण्डारा व ओमप्रकाश मुंशी सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे। (नि.सं.)

लालसोट. एडीजे भर्ती में वकील कोटे की सीटों पर न्यायिक अधिकारियों को शामिल करने के विरोध में वकीलों का न्यायिक कार्यो का बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहा। बार एसोसिएशन अध्यक्ष नाथू लाल मीना ने बताया कि सम्पूर्ण न्यायिक कार्य का पूर्णतया बहिष्कार रहा। वकीलों ने प्रदर्शन किया। (नि.सं.)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.