जैसलमेर/मोहनगढ़.कस्बे में संचालित हॉस्टल में 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी हॉस्टल व ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल के संचालक हरिसिंह चौधरी को मोहनगढ़ पुलिस ने गंगानगर जिले के करणपुर से दस्तयाब कर लिया है। गौरतलब है कि हरिसिंह पर आरोप है कि उसने गत 23 जनवरी की रात्रि में बालिका के साथ दुष्कर्म किया। इस संबंध में परिजनों द्वारा महिला पुलिस थाना जैसलमेर में उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए मोहनगढ़ पुलिस ने आरोपी को करणपुर जिला गंगानगर से दस्तयाब किया। पुलिस की टीम बुधवार की दोपहर को आरोपी को लेकर मोहनगढ़ के लिए रवाना हो गई है, जो देर रात्रि तक मोहनगढ़ पहुंच पाएंगे।
हरियाणा भागने की फिराक में था आरोपी
पीडि़त बालिका के परिजनों के मोहनगढ़ थाने पहुंचने पर थानाधिकारी अमर सिंह रतनू ने कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. किरण कंग को सूचना देने के बाद करणपुर पुलिस थाने में सूचना दी। आरोपी हरिसिंह पुत्र रामस्वरूप चौधरी की मोबाइल के आधार पर लोकेशन पता की गई। लोकेशन पता करने के बाद करणपुर पुलिस थाने में बताया गया। जहां से आरोपी हरियाणा भागने की फिराक में था। उससे पहले ही मोहनगढ़ पुलिस की सूचना पर बुधवार को आरोपी को दस्तयाब कर लिया गया। आरोपी को मोहनगढ़ लाने के लिए पुलिस टीम को भेजा गया है।
पुलिस और सरकारी अमला पहुंचा
इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद से ही ग्रामीणों में खासा रोष देखने को मिल रहा है। इसी बीच गुरुवार सुबह महिला पुलिस थानाधिकारी नरेन्द्र पंवार, मोहनगढ़ थानाधिकारी अमरसिंह रतनू मय जाब्ते के निजी विद्यालय व हॉस्टल पहुंचे। जहां पर शिक्षकों व अभिभावकों से घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली। हॉस्टल भवन का भी मौका मुआयना किया गया। कमरों के ताले पुलिस की निगरानी में तोडकऱ आवश्यक जानकारी जुटाई गई। कई कागजात व सामग्री सीज भी की गई। सूचना मिलने पर सीबीईईओ बलवीर तिवारी भी मोहनगढ़ पहुंची। विद्यालय व हॉस्टल में घटना स्थल का निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता का इजहार किया तो उन्होंने उन्हें आश्वस्त किया कि ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। जिससे इस विद्यालय में पढऩे वाले बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़े। उन्होंने पीईईओ चांद मोहम्मद को निर्देशित किया कि व्याख्याता की देखरेख में विद्यालय का संचालन किया जाना सुनिश्चित करें। सरपंच दोस्त अली सांवरा ने सुझाव दिया कि ग्राम पंचायत में लगे किसी एक पंचायत सहायक को विद्यालय की देखरेख के लिए लगाया जाए। नाचना वृत्ताधिकारी सरदारदान देथा भी मौके पर पहुंचे। बाल विकास समिति जैसलमेर के पदाधिकारी मांगीलाल सोलंकी भी मोहनगढ़ पहुंचे।





No comments:
Post a Comment