सवाईमाधोपुर. गुर्जर आरक्षण के चलते टेनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित है, लेकिन इसका फायदा रोडवेज व निजी बस चालकों को भी नहीं मिल पा रहा है। इसका प्रमुख कारण है यात्रियों में दहशत। ऐसे में लोग डर के साए में यात्रा भी नहीं कर रहे है। खण्डार-श्योपुर मार्ग पर रोडवेज का तीन दिन से संचालन बंद है। हालांकि निजी बसे, जीप, कार आदि वाहन इस मार्ग पर अभी भी दौड़ रहे हैं, लेकिन उनको भी कोई खास लाभ नहीं मिल रहा है। गुर्जर आरक्षण आंदोलन के चलते लोग बाहर नहीं निकल रहे हैं। शहर से खण्डार-श्योपुर जाने वाली रोडवेज बस तीन दिन से बंद है।
रोडवेज से यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से इस रूट की बसों को फिलहाल बंद कर रखा है। सवाईमाधोपुर रोडवेज डिपो से मिली जानकारी के अनुसार पिछले तीन दिन में धौलपुर, खण्डार-श्योपुर मार्ग पर रोडवेज का संचालन पूरी तरह बंद है। जिला मुख्यालय से सुबह साढ़े पांच बजे खण्डार, साढ़े सात बजे बालेर, दस बजे खण्डार, दोपहर दो बजे खण्डार, दो बजकर दस मिनट पर बालेर व रात सवा आठ बजे खण्डार जाने वाली बसों का संचालन बंद है।
60 से अधिक दौड़ रहे निजी बसें
खण्डार-श्योपुर मार्ग पर संचालित रोडवेज बसों को भले ही रोडवेज प्रशासन ने गुर्जर आरक्षण के चलते बंद कर दिया हो लेकिन खण्डार-श्योपुर-फलौदी मार्ग पर 60 से अधिक निजी बसे संचालित हो रही है। इन मार्गों पर प्रतिदिन छह हजार से अधिक का यात्री भार चल रहा है।
श्योपुर जाने वाली बंद
जिला मुख्यालय से दौसा डिपो की रोडवेज श्योपुर जाने वाली बस भी तीन दिन से बंद है। यहां से पहली बस सुबह साढ़े ग्यारह बजे रवाना होती है। वही दूसरी बस शाम को साढ़े छह बजे रवाना होती है।
जिला मुख्यालय से धौलपुर,खण्डार व श्योपुर मार्ग पर संचालित बसों को यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर रखा है।
निसार खां, कार्यवाहक मुख्य प्रबंधक, रोडवेज सवाईमाधोपुर
गुर्जर आरक्षण आंदोलन के चलते खण्डार-श्योपुर मार्ग पर लोग दहशत में है। ऐसे में बाहर नहीं निकल पा रहे है। ऐसे में निजी बसों को कोई खास लाभ नहीं मिल रहा है।
रामचरण जाट, निजी बस एसोसिएशन, सवाईमाधोपुर
खण्डार-श्योपुर मार्ग पर बसें रही बंद
सवाईमाधोपुर डिपो से संचालित कई बसों का संचालन रविवार को भी बंद रहा। खण्डार-श्योपुर रूट पर संचालित बसे तीसरे दिन भी बंद रहीं। सवाईमाधोपुर वाया गंगापुरसिटी-धौलपुर रूट पर जाने वाली बस का संचालन नहीं हुआ।





No comments:
Post a Comment