बूंदी/नैनवां। राज्य सरकार शीघ्र ही नैनवां के भगवान आदिनाथ जयराज मारवाड़ा महाविद्यालय को सरकारी करने जा रही है। इसकी प्रक्रिया शुरू कराने के लिए राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा आयुक्त से महाविद्यालय की स्थिति जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
रिपोर्ट तैयार करने के लिए उच्च शिक्षा आयुक्त ने शनिवार को आयुक्तालय के तीन सदस्यों का दल गठित कर महाविद्यालय की स्थिति की जांच करने भेजा। उच्च शिक्षा आयुक्तालय के उपनिदेशक डॉ. केएल सिराधना के नेतृत्व में शनिवार को आए दल ने महाविद्यालय प्रशासन से भूमि का रिकार्ड, निर्मित भवन की स्थिति, स्टाफ, तीन वर्ष में अध्ययनरत रहे विद्यार्थियों की संख्या, महाविद्यालय विकास समिति के सदस्यों व न्यायिक प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की।
इसकी जांच रिपोर्ट उच्च शिक्षा आयुक्त को दी जाएगी। गौरतलब है कि नैनवां कॉलेज को सरकारी करने की मुहिम को लेकर राजस्थान पत्रिका ने अभियान चलाया था। जिसमें क्षेत्र के सभी संगठन जुड़े और कॉलेज सरकारी करने की मांग की। खेल व युवा मामलात राज्यमंत्री अशोक चांदना 16 जनवरी को उच्च शिक्षा मंत्री से मिले थे। उसके बाद से ही कॉलेज को सरकारी करने की कवायद शुरू हो गई थी।
जिला कलक्टर ने महाविद्यालय के लिए 75 बीघा 8 बिस्वा भूमि आरक्षित की थी, जो सरकारी रिकार्ड में दर्ज है। जनप्रतिनिधियों व अन्य लोगों ने अपने मदों से महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए जो राशि उपलब्ध कराई थी, वह सरकारी कॉलेज होने की उम्मीद में ही उपलब्ध कराई थी। सरकारी कॉलेज के लिए जितने भवन की आवश्यकता होती है, उससे दो गुना आकार का भवन बना हुआ है। पांच बीघा परिसर में बने भवन में 12 कक्षा-कक्षों का निर्माण हो रहा है। प्रयोगशाला व पुस्तकालय भवन है। पांच कमरों व दो स्टोर का प्रशासनिक ब्लॉक और छात्रसंघ परिषद का अलग कार्यालय बना हुआ है। लगभग 70 बीघा भूमि का खेल मैदान है।
-उच्च शिक्षा आयुक्त के आदेश पर जांच करने आए हैं। महाविद्यालय प्रशासन से भूमि का रिकार्ड, निर्मित भवन की स्थिति, स्टाफ, तीन वर्ष में अध्ययनरत रहे विद्यार्थियों की संख्या सहित अन्य जानकारियां प्राप्त की है। जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च शिक्षा आयुक्त को सौंपी जाएगी। डॉ. केएल सिराधना, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा आयुक्तालय





No comments:
Post a Comment