बीकानेर. भारतीय वायु सेना की ओर से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह करने की कार्रवाई से मंगलवार को शहर से लेकर सरहद तक जश्न का माहौल रहा।भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे लोगों ने गांवों में जहां भारत माता की जय और जय हिन्द के जयघोष से खुशी को दर्शाया, वहीं बीकानेर संभाग मुख्यालय पर पब्लिक पार्क में रखे शौर्य के प्रतीक पाक से युद्ध में जीते टैंक पर किसान चढ़ गए। किसानों ने अपनी भृकुटी तानी और भारतीय सेना के लिए जयघोष लगाए। जोश युवाओं के भी सिर चढ़कर बोला। यहां चन्द्र चौधरी सर्किल पर रखे भारतीय वायु सेना के फाइटर प्लेन पर युवाओं ने तिरंगा लहराया।जोश में दो युवतियां प्लेन में सवार हो गई। वहीं कुछ युवा प्लेन के पंखों पर चढ़कर सेना के शौर्य और पराक्रम को अपने ही तरीके से सैल्यूट करने लगे।
नापाक हरकत से निपटने की तैयारी
सुरक्षा एजेंसियों ने भारतीय वायु सेना की कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान की ओर से किसी भी स्तर की हरकत से निपटने की तैयारी भी शुरू कर दी है। बॉर्डर पर तैनात सीमा सुरक्षा बल हाईअलर्ट पर है। बॉर्डर पर कुछ नफरी भी बढ़ाने के साथ अधिकारी खुद रात को ठहराव कर रहे हैं। आतंरिक हालात पर नजर रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियां और खुफिया एजेंसियां सक्रिय होने के साथ ही स्थानीय प्रशासन से भी लगातार सम्पर्क बनाए हुए है।
सीमावर्ती गांवों में जोश से लबरेज ग्रामीण
जिले से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक के गांव में मंगलवार को ग्रामीण जोश से लबरेज दिखे। दिनभर गांवों की चौपालों में भारतीय वायुसेना की पाकिस्तान में आतंकी कैंपों पर कार्रवाई की चर्चा चलती रही। कहीं भी डर और भय नहीं था।





No comments:
Post a Comment