पोकरण. क्षेत्र के केरावा गांव में सोमवार की शाम दो गुटों में हुए खूनी संघर्ष के बाद दोनों पक्षों की ओर से मारपीट को लेकर परस्पर आमने-सामने मामले दर्ज करवाए गए है। पुलिस के अनुसार केरावा निवासी अब्दुल रहमान पुत्र मीरेखां ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि सोमवार की शाम करीब सवा पांच बजे उसका भाई रइसदीन व नूरइलाई अपनी मोटरसाइकिल पर पोकरण से गांव जा रहे थे। कालीमगरी के पास बादीन खां पुत्र मोहम्मद खां, इब्राहिम पुत्र गुलाम रसूल, मंजूर पुत्र अलदीन, सत्तार पुत्र सदीक खां दो मोटरसाइकिलों पर खड़े थे। उन्होंने उसके भाई की मोटरसाइकिल रुकवाने की कोशिश की, लेकिन वह जान बचाकर गांव की तरफ भाग गया। चारों युवकों ने मोटरसाइकिलों से उसका पीछा किया। उसका भाई गांव में मस्जिद के पास पहुंचा, तो यहां रास्ता रोककर, हाथों में धारिया व लाठियां लिए खड़े उबेद खां पुत्र गुलाम रसूल, फारुख पुत्र अलदीन खां, बशीर खां पुत्र इशाक खां, सलीम पुत्र बादीन खां, शबीर पुत्र अलदीन खां, गुलाम रसूल पुत्र अलदीन खां ने उसके भाई की मोटरसाइकिल रुकवाकर लाठियों व धारियों से हमला कर दिया। उबेद खां ने लोहे के सरिये से उसके भाई रइसदीन के सिर में जान से मारने की नीयत से वार किया। अन्य सभी हमलावरों ने लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे रइसदीन घायल हो गया तथा नूरइलाई के भी चोटें लगी। इनके चिल्लाने की आवाज सुनकर शौकत पुत्र मीरेखां, बरकत पुत्र बालम खां व उसकी पत्नी हिदायतों, पुत्री शकीला घर से दौडकऱ आए तथा बीच बचाव किया, तो हमलावरों ने इनके साथ भी मारपीट की। सभी हमलावर मोटरसाइकिलें मौके पर छोडकऱ भाग गए। सभी घायलों को राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें जोधपुर रैफर कर दिया गया। इसी प्रकार उबेद पुत्र गुलाम रसूल ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि सोमवार की शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी मोटरसाइकिल पर पोकरण से अपने पिता के घर केरावा गांव की तरफ जा रहा था। तभी कालीमगरी के पास रइस पुत्र मीरे खां, वहीद पुत्र वली खां ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। केरावा गांव में मस्जिद के पास यहां पूर्व में ही मौजूद शौकत अली पुत्र मीरे खां, अलानूर पुत्र रइस खां, अब्दुल सलाम पुत्र रइस खां, बरकत पुत्र बालम खां ने एक राय होकर उस पर लाठियों व धारियों से हमला कर दिया। उसके चिल्लाने पर पिता गुलाम रसूल, शबीर पुत्र अलादीन, फारुख पुत्र अलादीन, इब्राहिम पुत्र गुलाम रसूल वहां आए तथा बीच बचाव करने लगे। सभी हमलावरों ने उसके पिता व भाइयों पर जान से मारने की नीयत से लाठियों, सरियों व धारियों से हमला किया। जिससे सभी को चोटें आई। उसके पिता गुलाम रसूल का कान कट गया, सिर में चोट लगी। हमले की जानकारी होने पर मौके पर ग्रामीण एकत्र होने लगे। जिस पर सभी हमलावर मौके से भाग गए। सभी घायलों को पोकरण राजकीय अस्पताल लाया गया। यहां से उसके पिता गुलाम रसूल, शबीर, फारुख, इब्राहिम को उपचार के लिए जोधपुर रैफर किया गया। पुलिस ने दोनों मामले परस्पर आमने-सामने दर्ज कर जांच शुरू की।





No comments:
Post a Comment