रामगढ़ शेखावाटी.
कस्बे के सामुदायिक अस्पताल में एक्सरे मशीन एक साल से रेडियोग्राफर का इंतजार कर रही है। सीएचसी में बढ़ती मरीजों की भीड़ के बावजूद अस्पताल में डॉक्टर और रेडियोग्राफर दोनों का अभाव है। विशेषज्ञ चिकित्सकों व एक्स-रे जैसी सुविधा के लिए भी मरीजों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। चिकित्सा विभाग ने ऑर्थोपीडिक मरीजों की सुविधा के लिए एक्स-रे मशीन लगाई थी लेकिन पिछले करीब एक वर्ष से रेडियोग्राफर का पद रिक्त होने के कारण अस्पताल में एक्स-रे करवाने वाले मरीजों को लौटना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और सरकार से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लंबे समय से रिक्त पड़े रेडियोग्राफर का पद भरने की मांग की है। सीएचसी में प्रतिदिन 350 मरीजों की ओपीडी होने के बावजूद चिकित्सकों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े है। केवल दो डॉक्टरों के भरोसे सीएचसी चल रही है। अस्पताल बीमार व दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों का रैफरल सेंटर बना हुआ है। रेडियोग्राफर के अभाव में एक वर्ष से एक्स-रे मशीन रूम के ताला लटका रहता है। जिससे मरीजों को पीड़ा के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। जबकि स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रेडियोग्राफर का पद भर जाने पर इलाके के लोगों को एक्स-रे सुविधा फ्री उपलब्ध हो सकती है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन और सरकार से अस्पताल में शीघ्र ही रेडियोग्राफर की व्यवस्था कर एक्स-रे मशीन शुरू करने की मांग की है।





No comments:
Post a Comment