साहवा. आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में मौत न केवल लोगों को विचलित कर रही है बल्कि उन घरों की परेशानिंया भी दुगुनी हो रही है। ऐसी ही परेशानियों किसी अन्य को ना देखनी पड़े। इसके लिए साहवा की दो बेटियों ने अनूठा काम किया है। उन्होंने बारातियों को हैलमेट दिलवाए ताकि जब भी वे वाहन चलाएं तो उनका परिवार सुरक्षित रहें। परिवार को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। हैलमेट प्रदान कर ये भी संदेश दिया कि बाइक सवार यातायात नियमों की भी पालना करें। जानकारी के अनुसार रविवार को साहवा के दीनदयाल जोशी की बेटी वन्दना उर्फ भावना की शादी रावतसर के नीतेश पुत्र संजयकुमार पुरोहित साथ साहवा में हुई। सोमवार को जब बारात की विदाई का समय आया तो अनेक प्रकार की रस्में निभाई गई। इनमें सबसे महत्वपूर्ण रस्म दूल्हा-दुल्हन ने बारातियों को हैलमेट प्रदान कर निभाई। दुल्हन के पिता व भाई ने सभी १५० बारातियों को नेग के रूप में एक- एक हेलमेट प्रदान किया। यही नहीं शनिवार को साहवा के वैद्य नारायणदत्त शर्मा की पुत्री ममता शर्मा (स्कूल व्याख्याता ) की शादी चूरू के गोविन्दराम शर्मा के पुत्र डा.रजनीकांत से हुई थी। दुल्हन की इच्छा का ध्यान रखते हुए उसके परिजनों ने सभी बारातियों की जीवन की सुरक्षा के लिए १२५ बारातियों को हैलमेट प्रदान किए। इस प्रकार के कार्य की सभी बारातियों व लोगों ने सराहना की।





No comments:
Post a Comment