पुलिस पर फायरिंग कर भागे लूट के आरोपी
कोटा/बारां. जिले के अन्ता थाना क्षेत्र के चहेडिय़ा गांव में मंगलवार रात लूट के आरोपियों को पकडऩे गई तीन थानों की संयुक्त पुलिस टीम पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी तथा बाद में मौका का फायदा उठाते हुए भाग निकले। फायरिंग से पुलिस टीम में शामिल एक कांस्टेबल छर्रे लगने से घायल हो गया। उसका कोटा में उपचार कराया गया है। पुलिस की ओर से अन्ता थाने में जानलेवा हमला करने व राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कुछ दिनों पहले शातिरों ने कोटा ग्रामीण पुलिस के देवली मांझी थाना क्षेत्र के खुडग़ांव की ढाणी के समीप पिस्टल अड़ाकर पर बाइक लूट की वारदात की थी। इस मामले में कोटा ग्रामीण के एमओबी शाखा प्रभारी एएसआई अजीत मोगा ने लूटी गई बाइक व वांछित आरोपी विज्ञान नगर कोटा निवासी इंसाफ व उसके साथी मोहन नायक के साथ चहेडिय़ा गांव में होने की सूचना दी थी। इसके बाद सांगोद उपाधीक्षक जसवीर सिंह मीणा, सांगोद थाना प्रभारी मोहन सिंह, बपावर थाना प्रभारी उमराव सिंह, एमओबी शाखा प्रभारी अजीत मोगा व अन्ता थाने के एएसआई रामकरण ने पुलिस लवाजमे के साथ चहेडिय़ा गांव में आरोपी इंसाफ के ससुराल वालों के घर दबिश दी तो घर में मौजूद लोग जाग गए तथा पुलिस को देखकर गाली-गलौच करने लगे। इसी दौरान इंसाफ व मोहन पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग छूटे।
गले व जांघों पर लगे छर्रे
फायरिंग से कांस्टेबल सुरेश के गले व दोनों जांघों पर छर्रे लगे हैं। इस दौरान जमा हुई भीड़ ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिस टीम को बेरंग वापस लौटना पड़ा। पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के आरोप में इंसाफ व मोनू नायक के खिलाफ तथा राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में इंसाफ के ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। प्रकरण की जांच अन्ता पुलिस उपाधीक्षक वैभव शर्मा कर रहे हैं।
घटना बारां जिले के अन्ता थाना क्षेत्र के चहेडिय़ा गांव की है। ऐसे में पुलिसकर्मियों के खिलाफ हमले का मामला दर्ज करवाया गया है। इस मामले में बारां पुलिस कार्रवाई कर रही है।
राजन दुष्यन्त,
पुलिस अधीक्षक, कोटा ग्रामीण।





No comments:
Post a Comment