बांदीकुई. नगरपालिका बोर्ड की बैठक शुक्रवार को हंगामे के बीच हुई। इसमें 30 करोड़ 14 लाख 5 हजार रुपए का बजट विकास कार्यों के लिए पारित किया गया। बैठक में पालिका प्रशासन पर जमकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। बैठक विधायक गजराज खटाना के मुख्य आतिथ्य एवं नगरपालिका चेयरमैन लक्ष्मी जायसवाल की अध्यक्षता में शुरू हुई। पार्षद मदनलाल माल एवं बाबूसिंह गुर्जर ने कहा कि पालिका प्रशासन की मिलीभगत के चलते शहर में बिना एनओसी के अवैध निर्माण कराकर करोड़ों रुपए के राजस्व को चूना लगाया जा रहा है। पार्षद रतनसिंह माल ने कहा कि नगरपालिका की ओर से शहर में फेज वायर बिछाए जाने का टेण्डर देकर करीब 32 लाख 89 हजार रुपए भुगतान कर दिया है। इसमें करीब आधा दर्जन वार्डो में फेज वायर बिछाए ही नहीं गए हैं। इस मामले की जांच में स्थानीय निकाय ने पालिकाध्यक्ष को दोषी भी माना है। इसको लेकर करीब आधा घण्टे तक हंगामा हुआ। इसी बीच पार्षद गिर्राजप्रसाद सैनी चेयरमैन के पक्ष में बोलने लगे तो पार्षद मुकेश माल एवं रतनसिंह सहित अन्य पार्षद आक्रोशित हो गए। मामला आपस में खींचतान तक पहुंच गया। विधायक ने चेयरमैन को जवाब देने के लिए कहा। चेयरमैन ने कहा कि स्थानीय निकाय ने उनसे जवाब मांगा था। जिसका जवाब बनाकर एक माह पहले ही निकाय को भेज दिया गया है। फेज वायर बिछाए जाने पर अधिक खर्चा आ रहा है। ऐसे में जो बजट स्वीकृत हुआ। उसके मुताबिक फेज वायर बिछा दिया है। जो वार्ड वंचित हैं उनमें शीघ्र फेज वायर बिछवा दिया जाएगा। इसी बीच पार्षद पुष्पा डोई व मदन माल में भी डिवाइडर निर्माण को लेकर नोंक-झोंक हो गई।
पार्षद हेमलता सैनी ने सूखे पड़े कुओं का भराव कराने, पार्षद कल्पना तिवाड़ी व राधामोहन डंगायच ने एफसीआई गोदाम के आगे खड़े होने वाले ट्रकों को अन्यत्र खड़ा करने एवं बसवा रोडपर पानी निकास कराए जाने की मांग उठाई। पार्षद बबूल पंडित ने वार्ड 29 में स्थित भूखण्ड पर सामुदायिक भवन का निर्माण कराए जाने की मांग की तो पार्षद रतनसिंह ने पार्क का निर्माण कराने की बात कही। इसको लेकर दोनों में नोंकझोंक भी हुई। बैठक में पालिका उपाध्यक्ष मनोज पटेल, ईओ शुभम गुप्ता एवं जेईएन लाखनसिंह भी मौजूद थे।
राशन की दुकान पर किया हंगामा
लवाण . शेरसिंह रजवास ग्राम पंचायत मुख्यालय पर स्थित राशन सामग्री लेने गए बालक के साथ डीलर द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। मां-बाप नहीं होने से बालक रोता हुआ अपने वृद्ध दादी के पास गया और आपबीती बताई। बाद में सरपंच बसबाई मीणा व ग्रामीणों ने दुकान पर जाकर हंगामा कर दिया। साथ ही राशन डीलर को शेरसिंह रजवास से निलम्बित करने की मांग को लेकर नारे लगाए।पूर्व सरपंच कन्हैयालाल मीणा द्वारा राशन डीलर को हटाने की बात पर मामला शांत हुआ। राहुल रैगर (12) ने बताया कि वह सुबह राशन सामग्री लेने के लिए दुकान पर गया। जहां डीलर ने सामग्री देने से मना कर दिया। बालक के बार-बार कहने पर डीलर ने उसके चाटा जड़ दिया। सरपंच सहित ग्रामीण ग्यारसीलाल,मदन रैगर, लल्लू जांगिड़ ने बताया कि राशन डीलर कभी भी ग्राम सभा में नहीं आता है। जिससे ग्रामीणों की समस्या हल नहीं होती है
कार्रवाई की जाएगी
जिला रसद अधिकारी रामभजन मीणा ने बताया कि ऑनलाइन होने के बाद उपभोक्ता कहीं से भी राशन सामग्री ले सकता है। बालक के चाटा जडऩा व धक्का-मुक्की करना गलत है। तुरन्त जांच कराके कार्रवाई की जाएगी।





No comments:
Post a Comment