तिरुवनंतपुरम। ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच चौथे अनऑफिशियल वनडे मैच में इंडिया ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को छह विकेट से जीत लिया। भारत की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का अहम योगदान रहा। पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 73 रनों की पारी खेली। इस जीत के साथ ही पांच मैचों की सीरीज में इंडिया ए ने 4-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
ऋषभ पंत ने इंटरनेशनल टीम के लिए मजबूत की दावेदारी
पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज से बाहर किए गए ऋषभ पंत ने दिखा दिया है कि उन्हें जब-जब इंटरनेशनल टीम में खेलने का मौका मिलेगा वो उसपर खरे उतरेंगे। बता दें कि इन दोनों ही सीरीज में पंत की जगह धोनी को टीम में शामिल किया गया था।
शार्दुल ठाकुर ने झटके चार विकेट
इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच हुए मैच में ऋषभ पंत के अलावा तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। शार्दुल ने 49 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।
इंडिया ए को मिला था 222 रनों का लक्ष्य
इंग्लैंड लायंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 221 रन का स्कोर बनाया, जिसे मेजबान इंडिया-ए ने 46.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए ने एक समय पर 102 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद पंत और दीपक हुड्डा (नाबाद 47) ने पांचवें विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
केएल राहुल ने भी खेली उम्दा पारी
पंत ने 76 गेंदों की नाबाद पारी में छह चौके और तीन छक्के जबकि हुड्डा ने 47 गेंदों पर दो चौके और इतने ही छक्के लगाए। ऋषभ पंत के अलावा केएल राहुल ने 77 गेंदों पर 42 रन बनाए। वहीं रिकी भुई ने 35 और कप्तान अंकित बावने ने 12 रन बनाए। रुतु़राज गायकवाड खाता खोले बिना आउट हुए।
इंग्लैंड लायंस की बल्लेबाजी
इंग्लैंड लायंस की ओर से विल जैक्स ने दो और लेविस ग्रेगोरी तथा स्टीवन मुलेनी ने एक-एक विकेट हासिल किए। इससे पहले, इंग्लैंड लायंस ने ओली पोप (65) और स्टीवन मुलेनी (नाबाद 58) के अर्धशतकों के सहारे निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 221 रन का स्कोर खड़ा किया। पोप ने 103 गेंदों पर छह चौके और मुलेनी ने 54 गेंदों पर चार चौके तथा दो छक्के लगाए।





No comments:
Post a Comment