Breaking News
recent

कलश यात्रा के साथ कथा शुरू

हिण्डौनसिटी. समीप के बरगमां गांंव में भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के गुरुवार को शुभारंभ हुआ। इसके लिए गांव में कलशों की अगुवाई में भागवत की पोथी व ठाकुरजी की शोभायात्रा निकाली गई।
आयोजन समिति में रूपेंद्र लहकोडिया ने बताया कि गांव के देव स्थान से बैण्डबाजे के साथ निकली कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर जल कलश लेकर चल रही थी। वहीं बच्चे हाथों में पीली पताकाएं थामे कलश यात्रा की अगुवाई करते चल रहे थे। मुख्य यजमान सेवानिवृत्त ब्लाक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बल्लभराम लहकोडिया सिर पर भागवत पोथी रख कर कलश यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान कथावाचक योगेंद्रकृष्ण शास्त्री बग्घी में बैठा कर निकाला गया। गांव के प्रमुख मार्गों से निकल कलश यात्रा कथा स्थल पहुंची। जहां मण्डप पर भागवत पोथी व ठाकुरजी को विराजित कर सामूहिक आरती की गई। बाद शुरु हुई प्रवचन शृंखला में भागवताचार्य योगेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भागवत का महात्मय बताया। शुक्रवार को सृष्टि वर्णन, परीक्षित कथा व शुकदेव आगमन के वृतांत पर प्रवचन किए। संगीतमय भागवत कथा में भजनों पर महिलाओं नेभाव विभोर हो नृत्य किया।
इस दौरान झांकियां भी सजाई गईं। कथा की २८ फरवरी को पूर्णाहूति होगी व एक मार्च को महाप्रसादी का आयोजन होगा।
कलशों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा
देवलेन. समीप के गांव महमदपुर मे शुक्रवार को राम कथा के शुभारंभ पर कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान कथाचार्य की बग्घी में बैठा कर अभिनंदन यात्रा निकाली गई। आयोजन से जुड़े रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि पांच सौ से अधिक महिलाओं ने स्टील के कलशों से कलश यात्रा निकाली। बैण्ड बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में महिलाएं लोकभाषा में भजन गाती चल रहीं थी। इस दौरान महिलाओं ने कई स्थानों पर जल कलश सिर पर रख नृत्य कर भक्ति मय माहौल में शमां बांध दिया। इस दौरान बग्घी में विराजित हो चल रही कथाचार्य जय प्रिया दीदी का गांव में कई स्थानों पर स्वागत किया गया। प्रमुख रास्तों से निकाल कलश यात्रा कथा स्थल पहुंची। कलश यात्रा में देवलेन, महमदपुर, नयागांव की महिलाएं शामिल हुईं।
(निज संवाददाता)



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.