Breaking News
recent

जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा

नादौती ञ्च पत्रिका. जगदीश धाम कैमरी में आयोजित वार्षिक मेले में रविवार को जय जगदीश के जयकारों के बीच निकली रथ यात्रा में जन सैलाब उमड़ पड़ा। रंग बिरंगी पगड़ी व सुसज्जित परिधानों में सजी महिला श्रद्धालुओं का नजारा देखते ही बनता था। यात्रा में शामिल तीन रथों में से मुख्य रथ में जगदीश धाम मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारी व बारह गांवों के पंच पटेलों द्वारा मुख्य अतिथि बांदीकुई विधायक जी.आर. खटाना, विशिष्ट अतिथि नदबई विधायक जोगेन्द्रर सिंह अवाना, मेेले की अध्यक्षता कर रहे टोडाभीम विधायक पी.आर. मीना को रथ का सारथी बनाया गया। बैण्डबाजों के बीच यात्रा में श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। पहले रथ में बलदाऊजी, दूसरे में बहन सुभद्रा व तीसरे रथ में भगवान रथ में मंदिर के महंत पं. मनोज शास्त्री सहित अन्य पण्डितजन विराजमान थे। रथ में सवार मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथि भगवान के मेवा माखन मिश्री के प्रसाद को श्रद्धालुओं को वितरित करते हुए चल रहे थे। मुख्य मंदिर से भगवान के तीनों रथों को गुर्जर समाज के प्रमुख लोग अपने हाथों से खींच कर जनकपुर ले गए। यात्रा के जनकपुर पहुंंचने पर श्रद्धालुओं की भीड़ धर्म सभा में परिवर्तित हो गई। जहां भगवान की भेंट अर्पण के साथ माला की बोली लगाई गई। इसमें कैमरी के अंतर्गत बड़ागांव निवासी बीरबल खटाना की अंतिम बोली २ लाख ११ हजार १०१ रूपये की की रही। उनका मंदिर के महंत मनोज शर्मा, ट्रस्ट के अध्यक्ष सूबेदार रामनिवास गुर्जर, कैप्टन रतन सिंह खटाना, सरपंच संध के अध्यक्ष हंसराज गुर्जर, सियाराम वकील सहित बारह गांवों के पंच पटेलों ने भगवान की माला भेंट की। मेले में घोड़ा घोडी दौड़ नाल प्रतियोगिता आदि का आयोजन हुआ। जिसमें विजेताओं को मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मान किया। मेले में राजस्थान सहित उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा आदि प्रांतों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
(निज संवाददाता).



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.