Breaking News
recent

सरपंच की ऐसी उदासीनता: केटल शेड के नाम पर लाभान्वित आज तक हैं गुमराह

उदयपुर/ झाड़ोल. उपखण्ड क्षेत्र की पंचायत समिति फलासिया की ग्राम पंचायत खरडिय़ा में किसानों को भूमि समतलीकरण व केटल शेड के लिए बजट आवंटन प्रक्रिया में सरपंच स्तर पर की जा रही लेटलतीफी का मामला तूल पकड़ रहा है। आरोप है कि समस्या के चलते किसानों के केटल शेड अधूरे पड़े हैं, जबकि भूमि समतलीकरण कार्य भी पूरा नहीं हो रहा। इस मामले से आक्रोशित भारतीय किसान संघ ने जिला कलक्टर के नाम शिकायत पर समस्या का समाधान करने की मांग की है। साथ ही समय रहते कार्रवाई नहीं किए जाने पर आंदोलन का रास्ता चुनने की चेतावनी दी है।
यह है मामला
ग्राम पंचायत खरडिय़ा में महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत करीब ५७ पशु घर एवं समतलीकरण के लिए जिला परिषद की ओर से स्वीकृति दी जा चुकी है। जानकारी के बाद किसानों ने उनके घर में बाड़े खुदवा दिए हैं। इसके बाद भी सरपंच स्तर पर पशुपालकों को निर्माण कार्य की भुगतान राशि देने में देरी की जा रही है। उल्टा सरपंच की ओर से किसानों को अधूरा कार्य खुद के स्तर पर पूरा कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। भारतीय किसान संघ उपाध्यक्ष प्रेमचन्द दामा के नेतृत्व में ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने एवं अधूरे कार्य को पूरा करने की मांग की।
तभी होगा भुगतान
केटल शेड निर्माण कार्य जारी है। सभी निर्माण सामग्री जैसे ईंट, सीमेंट,पत्थर उधार लाकर लाभार्थियों को दिलाए हैं। साथ ही निर्माण कार्य तेज रखने को कहा है। अधूरे कार्य के पूरा होने पर ही भुगतान संभव है।
सुमित्रा देवी, सरपंच

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.