अलवर. अंतरराष्ट्रीय घोड़ासन गैंग की शातिरी को अलवर पुलिस अपनी चालाकी से मात देने में कामयाब रही। सराय रोहिल्ला-सीकर एक्सप्रेस ट्रेन के रिजर्वेशन डिब्बे में बैठकर वारदात के लिए जा रहे गिरोह के चार सदस्यों को राजस्थान पुलिस की डीएसपी व कोतवाल ने मजिस्ट्रेट फ्लाइंग और एनईबी एसएचओ ने मुसाफिर बन ट्रेन में ही धरदबोचा। इसके बाद गिरोह के सरगना को कापसहेड़ा से दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोर गिरोह शटर कटवा/घोड़ासन गैंग को पकडऩे के लिए पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल व लोकेशन के आधार पर रविवार को दिन में सीकर के पिलानी से वाजूल अंसारी निवासी जुलगांवा-बिहार को दबोचा। वह वारदात के लिए पिलानी में रैकी करने आया हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि गिरोह के कुछ सदस्य वारदात के लिए दिल्ली से चिड़ावा-सीकर आ रहे हैं। पुलिस ने रात को दिल्ली से चलकर तडक़े सीकर पहुंचने वाली ट्रेनों का पता किया तो मालूम चला कि सराय रोहिल्ला-सीकर एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से सीकर आ रही है। इसके बाद अलवर शहर डीएसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी, कोतवाल जितेन्द्र सिंह सोलंकी, एनईबी थानाधिकारी प्रेम बहादुरसिंह और पुलिस निरीक्षक शिवकुमार भारद्वाज पुलिस टीम के साथ सराय रोहिल्ला पहुंचे।
एनईबी थानाधिकारी ने मुसाफिर बन ट्रेन के जनरल कोच में संदिग्धों की पहचान की। पुलिस टीम ने रेलवे टीटी से लिए रिजर्वेशन चार्ट के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान हुई। लोहारू में ट्रेन रुकने पर एनईबी थानाधिकारी ट्रेन के एस-1 कोच में संदिग्धों के पास सोने के बहाने से निगरानी बनाए रखी। चिड़ावा में ट्रेन रुकने पर डीएसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी ने मजिस्ट्रेट बन कोतवाल जितेन्द्र सिंह सोलंकी और पुलिस निरीक्षक शिवकुमार को फ्लाइंग के रूप में अपने साथ लिया। एस-1 डिब्बे से उतरने वाले यात्रियों की चैकिंग शुरू की और डिब्बे से उतरे गिरोह के चार सदस्य बिहार के अठमूहन निवासी मीराज अंसारी, सिराज अंसारी, रियाज आलम और बिहार के अशोगी निवासी लालबाबू कहार को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस ने दिल्ली के कापसहेड़ा मुस्लिम कच्ची बस्ती से गिरोह के सरगना समीर उर्फ चेलवा उर्फ सनम निवासी घोड़ासन-बिहार को भी दबोच लिया।





No comments:
Post a Comment