जैसलमेर. देश-दुनिया में मशहूर जैसलमेर का परंपरागत तीन दिवसीय मरु महोत्सव आगामी 17 से 19 फरवरी तक जैसलमेर में धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर पर्यटन विभाग और जैसलमेर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस बार यह महोत्सव नए रंगों और अभिनव आकर्षक कार्यक्रमों के साथ नयापन लिए हुए होगा और देशी-विदेशी हजारों सैलानियों को भरपूर मनोरंजन का सुकून देगा। मरु महोत्सव की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्र वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को जैसलमेर जिला कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई, जिसमें संबंधित सभी कार्यक्रमों, तैयारियों आदि पर चर्चा की गई। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामेश्वरलाल मीणा, उपनिवेषन उपायुक्त तथा थार महोत्सव के प्रभारी अधिकारी मोहनदान रतनू , आयुक्त नगरपरिषद पवन कुमार के साथ ही अन्य जिला अधिकारी, होटल एवं पर्यटन व्यवसाई एवं स्वंयसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस मौके पर प्रभारी अधिकारी रतनू ने बताया कि इस बार थार महोत्सव के प्रथम दिन के कार्यक्रमों में एक ऐतिहासिक आयोजन होगा जब पूनमसिंह स्टेडियम में एक साथ पाँच हजार लोग साफा बांधेगें। यह आयोजन प्रदेष मे आयोजित होने वाले सभी पर्यटन महोत्सवों में से अभूतपूर्व होगा। स्वर्णनगरी प्रथम बार इस ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनेगी तथा यह रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य आयोजन से पूर्व 12 फरवरी को इसका रिहर्सल करवाया जाएगा और 17 फरवरी को मुख्य आयोजन होगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने इस बडे आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए तथा सभी विभागों तथा संस्थाओं से उनके प्रतिभागियों की सूची तीन दिवस के भीतर प्रेषित करवाने को कहा। उन्होंने पर्यटन विभाग तथा नगर परिषद को आयोजन के लिए समग्र तैयारियां करने को कहा। साथ ही प्रत्येक विभाग व संस्थाओं को अधिक से अधिक लोगों को स्वप्रेरणा से साफा बांधने के लिए लोगों को प्रेेरित करने को कहा। पर्यटन विभाग और जैसलमेर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई है।





No comments:
Post a Comment