पाली. सदर थाना क्षेत्र के भालेलाव गांव स्थित खेत से निकल रही एचपीसीएल तेल की पाइप लाइन में छेद कर दो जनों ने हजारों लीटर डीजल चुरा लिया। इसकी जानकारी जब कम्पनी प्रतिनिधियों को लगी तो तुरंत पाइप लाइन में सप्लाई बंद कर दी गई। लोकेशन के आधार पर पुलिस व कम्पनी प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। पाइप लाइन को दुरुस्त कर लिया गया है। पुलिस ने दो जनों के खिलाफ नामजद चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। सदर थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि गुजरात के गांधी धाम से दिल्ली एचपीसीएल तेल की पाइप लाइन निकलती है। जोधपुर के सालावास में इसका डिपो है। जोधपुर से यह लाइन पाली के भालेलाव गांव होकर निकलती है। इस लाइन में प्रेशर कम होने की जानकारी
रविवार दोपहर में जोधपुर के
कम्पनी प्रतिनिधियों को मिली। इस पर तुरंत पाइप लाइन में सप्लाई बंद कर दी गई। लीकेज लोकेशन के आधार पर सोमवार दोपहर में कम्पनी प्रतिनिधि भालेलाव गांव मौके पर पहुंचे तो यहां पाइप लाइन में छेद मिला और मौके पर करीब एक हजार लीटर डीजल बिखरा मिला। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर ग्रामीणों की आवाजाही पर रोक लगाकर लाइन को दुरुस्त किया गया।
बड़ा हादसा टला, मामला दर्ज
पुलिस का कहना है कि समय रहते पाइप लाइन का लीकेज मिल गया। मौके पर हजार लीटर तेल बिखरा मिला, यहां आग लग जाती तो गांव को नुकसान पहुंच सकता था और पाइप लाइन को भी बड़ा नुकसान पहुंचता। एेसे में समय रहते कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। इधर, एचपीसीएल के मैनेजर भगवती प्रसाद मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने भालेलाव निवासी रामलाल पुत्र भीमाराम बावरी व देवाराम बावरी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में मिले तेल के जरीकेन व पाइप
आरोपी रामलाल के घर पर तेल से भरा जरीकेन व पाइप मिले हैं। आरोपियों ने पाइप लाइन में छेद कर नल लगा दिया था और तेल चोरी शुरू कर दी थी। कम्पनी में लगे हाइटेक सिस्टम से लीकेज व प्रेशर की जानकारी ली।
हाइटेक सिस्टम से तुरंत लग जाता है पता
जिले में आइओसी व एचपीसीएल की पाइप लाइन निकलती है। यहां करीब दस साल पहले दोनों पाइप लाइन में चोरी की घटनाएं अधिक होती थी। इसके बाद कम्पनियों ने हाइटेक सिस्टम बनाया, जिससे लीकेज या तेल का प्रेशर कम होते ही डिपो पर जानकारी मिल जाती है। इसके बाद एेसी घटनाओं में कमी आई। अब लम्बे समय बाद यह सेंधमारी की घटना हुई।





No comments:
Post a Comment