Breaking News
recent

टैंकरों पर लिखवाना होगा, यह पानी पीने योग्य नहीं

पाली . प्रदूषण मामले में एनजीटी के निर्देशों की पालना कराने को लेकर जिला प्रशासन साप्ताहिक रिव्यू कर रहा है। जिला कलक्टर दिनेशचंद जैन ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि सीइटीपी व नगर परिषद प्रदूषित पानी को तय मापदंडों के अनुरूप उपचारित कर उसे दोबारा उपयोग की दिशा में जल्द कदम उठाएं। उपचारित पानी बगीचों और नेशनल हाइवे के पेड़ों को पिलाने का भी सुझाव दिया। नगर परिषद व यूआइटी को बांडी रिवर फ्रंट के विकास के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। नदी में प्रदूषित पानी व प्रदूषण के कारण पाली व रोहट क्षेत्र के चयनित गांवों के पानी के नमूनों एवं मिट्टी की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के लिए कृषि विभाग को हिदायत दी।


उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रभावित गांवों में लगाए गए शिविर में चयनित रोगियों व प्रदूषण के कारण होने वाली संभावित बीमारियों की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने बांडी नदी के किनारे बसे मंडिया, पुनायता, जवडिय़ा, बल्दों की ढाणी, खारडा ढाणी, गिरादडा, गुलाबपुरा, रूपावास, धर्मधारी, केरला, चाटेलाव, सुकरलाइ व मूलियावास समेत विभिन्न गांवों में पानी व मिट्टी के नमूने लेने और लोगों के स्वास्थ्य पर असर पडऩे की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


पणिहारी चौराहा-खारड़ा पर लगेगी चैक पोस्ट
जिला कलक्टर ने परिवहन विभाग को पणिहारी चौराहा और खारड़ा में चैक पोस्ट लगाकर टैंकरों की जांच के लिए कहा। सीवरेज का पानी भी निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप ट्रीट कर छोडऩे के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद व सीइटीपी के अधिकारियों से चैनल निर्माण के संबंध में शीघ्र कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि बांडी नदी प्रदूषित पानी के साथ-साथ कचरा न गिरे इसकी भी सुनिश्चित होनी आवश्यक है। टैकरों पर यह पानी पीने योग्य नहीं है का स्लोगन अंकित करने के लिए कहा। बैठक के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरिराम मीना, उपखण्ड अधिकारी रोहिताश्वसिंह तोमर, यूआइटी सचिव इंदाराम और प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी अमित शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

बांडी रिवर फ्रंट पर चर्चा, जोधपुर से आएंगे छात्र
एमबीएम कॉलेज जोधपुर के प्रभारी डॉ. एस.के.सिंह शुक्रवार को पाली आए। जिला कलक्टर दिनेशचंद शर्मा और नगर परिषद आयुक्त आशुतोष शर्मा से बांडी रिवर फ्रंट डवलपमेंट को लेकर उनकी विस्तृत चर्चा हुई। जिला कलक्टर ने बांडी रिवर के लिए जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए। इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र जल्द ही बांडी नदी का दौरा कर विस्तृत योजना तैयार करेंगे।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया अवलोकन
पाली . शहर के मंडिया रोड स्थित आरयूआइडीपी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कृष्णा पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आरयूआइडीपी के अधीक्षण अभियंता महेन्द्र सिंह पंवार एवं अधिशासी अभियंता के.के. अग्रवाल सीवरेज शोधन संयंत्र के बारे में जानकारी दी। इस मौक आरयूआइडीपी के इंजीनियर प्रवीण गर्ग, धीरज जांगिड़, देवेन्द्र सिंह, कृष्णा पॉलिटेक्निक कॉलेज के डायरेक्टर सुनील जोशी, प्रधानाचार्य धीरज दवे, अक्षय शर्मा सहित कई जने उपस्थित रहे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.