गुढ़लिया-अरनिया. ग्राम पंचायत अरनिया के ढाबा मोहल्ले में बिजली कनेक्शन विच्छेद कर देने से नलकूप बंद पड़ा है। इसके चलते लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। इसको लेकर शुक्रवार को मोहल्ले के लोगों ने नलकूप पर पहुंचकर जलदाय विभाग एवं बिजली निगम के खिलाफ नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मोहल्ले में करीब 2 सौ लोगों की आबादी है। तीन दर्जन से अधिक मवेशी हैं। ये लोग इस नलकूप से ही पानी भरकर घरेलू काम निपटाते आ रहे हैं, लेकिन निगम की ओर से बिजली का बिल बकाया बताकर सम्बंध विच्छेद कर दिया है। आस-पास कोई जलस्रोत नहीं होने से लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। जबकि जलदाय विभाग का कहना है कि उन पर कोई बिल बकाया नहीं है। जलदाय विभाग एवं बिजली निगम के बीच सामंजस्य के अभाव का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि यदि तीन दिवस में बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ा गया तो निगम कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन पर उतारू होना पड़ेगा। इस मौके पर कैलाशचंद योगी, सोनू गुर्जर, ओमप्रकाश योगी, अशोक गुर्जर, नेमीचंद प्रजापत, गुल्ली देवी, कमली देवी, संतो देवी, गुड्डी एवं कमला ने नलकूप पहुंच विरोध प्रदर्शन किया।
राशन सामग्री नहीं मिलने पर सुनाई खरी-खोटी
पापड़दा. ग्राम पंचायत खवारावजी में तीन माह से राशन सामग्री गेहूं, चीनी केरोसिन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने राजीव गांधी सेवा केन्द्र का घेराव कर हगांमा किया। साथ ही सरपंच को लोगों की खरी खोटी का सामना करना पड़ा सरपंच ने दूरभाष से डीलर को दुकान पर बुलाया। जहां सरपंच व डीलर के मध्य राशन सामग्री वितरण को लेकर कहासुनी भी हुई। सरपंच शंकरदयाल खटाना ने बताया कि जिला कलक्टर के आदेश होने के बावजूद भी लोगों को राशन सामग्री का वितरण नहीं किया जा रहा है। इधर डीलर रामकरण मीना ने बताया कि गेहूं, केरोसिन व चीनी का वितरण राशनकार्डधारियों को समय-समय पर किया जा रहा है। इस मौके पर शम्भूसिंह, जालिमसिंह, सुरज्ञानसिंह, विश्राम सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
तीन दिवस में कार्रवाई नहीं तो देंगे धरना
बांदीकुई. पंचायत समिति सदस्य दौलतराम मीणा ने शुक्रवार को उपखण्ड अधिकारी पिंकी मीणा को ज्ञापन सौंपकर आमजन की समस्याओं का तीन दिन में समाधान नहीं किए जाने पर 25 फरवरी से पंचायत समिति परिसर में धरने की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि इंदिरा आवासीय योजना के तहत वर्ष 2012-13 में बीपीएल महिला मूली देवी के इन्दिरा आवास आवंटित हुआ था, लेकिन अभी तक 18 हजार रुपए की एक किश्त जारी नहीं की गई है। जबकि महिला लम्बे समय से कार्यालयों के चक्कर काट रही है। बीपीएल जीतराम गुर्जर की वर्ष 2012 में मृत्यु हो गई, लेकिन पंचायत समिति की ओर से आवंटित की गई इस दुकान को दूसरे व्यक्ति के नाम आवंटित नहीं कर कर्मचारियों ने मिलीभगत कर नियमविरुद्ध दूसरे व्यक्ति को किराए पर दे रखी है। गुढ़ाकटला से रेहडिय़ा तक बनाई गई सड़क में घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने से उखड़ गई है, लेकिन प्रशासन की ओर से जांच कराया जाना तक मुनासिब नहीं समझा गया। बिजली निगम की ओर से डिमाण्ड नोटिस राशि जमा कराए कई वर्ष बीत जाने के बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं किए गए हैं। खाद्य सुरक्षा योजना में पात्र लोगों को वंचित रखकर प्रभावशाली लोगों के नाम जोड़े जा रहे हैं। ग्राम जगसोली की नयाबासी की ढाणी में अभी तक पानी के लिए बोरिंग निर्माण नहीं कराया गया है। क्षेत्र के खराब पड़े हैण्डपम्पों की मरम्मत के लिए टेण्डर डाले काफी समय हो गया, लेकिन पंचायत समिति की ओर से टेण्डर खोलकर संवेदक को कार्य आदेश जारी नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि तीन दिवस में कार्रवाई नहीं हुई तो पंचायत समिति कार्यालय में विकास अधिकारी कक्ष के बाहर आमजन को साथ लेकर धरना देंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। (निसं.)





No comments:
Post a Comment