पाली. एनजीटी में चल रहे पाली के प्रदूषण के मामले में मंगलवार को मुख्य सचिव डीबी गुप्ता की अध्यक्षता में जयपुर में हुई बैठक में मुख्य सचिव ने एनजीटी के निर्देशों की गंभीरता से पालन करने की सख्त हिदायत दी। इसके लिए उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव कार्यालय में करीब एक घंटे चली बैठक में पाली के प्रदूषण की समस्या पर गंभीरता से मंथन किया गया। एनजीटी की बुधवार को होने वाली पेशी के लिए भी सरकार और प्रदूषण नियंत्रण मंडल के पक्ष रखने पर भी चर्चा हुई। खासतौर से मुख्य सचिव ने एनजीटी के निर्देशों की सख्ती से पालना करने की हिदायत दी। उन्होंने सीइटीपी से सिटी सीवरेज का पानी उपयोग में लेने के लिए भी कहा। नगर परिषद को सिटी सीरवेज का पानी रीयूज करने की प्लानिंग बनाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रदूषण नियंत्रण मंडल के चेयरमैन सुदर्शन सेठी, अतिरिक्त प्रमुख शासन सचिव (मेडिकल) रोहितकुमार सिंह, रीको एमडी गौरव गोयल, प्रदूषण नियंत्रण मंडल सदस्य सचिव शैलजा देवल, पाली के एडीएम भागीरथ विश्नोई, क्षेत्रीय अधिकारी आरपीसीबी अमित शर्मा, सीइटीपी सचिव अशोक लोढ़ा और उद्यमी सुनील गुप्ता समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अब एसओजी करेगी तेजाबी टैंकरों की जांच
नदी और खेतों में तेजाबी पानी बहाने के मामले में पुलिस की बजाय एसओजी जांच करेगी। मुख्य सचिव ने सख्ती दिखाते हुए एेसे मामलों की जांच एसओजी से कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एेसी घटनाओं को काफी गंभीर माना और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
औद्योगिक इकाइयों में लगेंगे सोलर प्लांट
औद्योगिक इकाइयों में सोलर प्लांट लगाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सिटी सीरवेज का पानी सीइटीपी प्लांटों से ट्रीट होने वाले पानी में शामिल कर उसका उपयोग करने पर भी जल्द प्लानिंग बनाने के निर्देश दिए।
हादसे में घायल का दम टूटा
सोजत (निप्र). गत दिनों सड़क हादसे में घायल एक युवक का उपचार के दौरान दम टूट गया। चंडावल पुलिस चौकी प्रभारी भलाराम विश्नोई ने बताया कि चंडावल निवासी चरणसिंह तंवर (३५) पुत्र शक्तिसिंह रात्रि में सोजत से मोटरसाइकिल पर चंडावल जा रहे थे। उस समय कार की चपेट से घायल हो गया था। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रैफर किया, जहां उपचार के दौरान दम टूट गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया।





No comments:
Post a Comment