दौसा ग्रामीण. जिला चिकित्सालय में महिलाओं को समुचित उपचार की सुविधा मुहैया कराने की कवायद चल रही है, लेकिन संसाधनों की कमी अखर रही है। इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के महिला एवं शिशु स्वास्थ्य निदेशक डॉ. श्रीराम मीना ने शनिवार को अस्पताल का निरीक्षण किया।
उन्होंने पूर्व में किए निरीक्षण के दौरान दिए निर्देशों की अुनपालना में महिला एवं शिशु इकाई में सोनोग्राफी, एक्सरे आदि मशीनें नहीं लगाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मेडिकल वार्ड, सर्जिकल वार्ड, महिला एवं शिशु इकाई, ट्रोमा इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य जगहों का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुभाष बिलोनिया एवं पीएमओ डॉ. सीएल मीना आदि मौजूद थे।
डिजिटल एक्सरे एक सप्ताह से बंद
जिला चिकित्सालय में करीब एक सप्ताह से एक्सरे फिल्म समाप्त होने के कारण मरीजों के डिजिटल एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। जबकि यहां रोजाना करीब 100 एक्सरे हो रहे थे। ऐसे में हड्डी रोग एवं दुर्घटना आदि के मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाजार में महंगे दामों पर एक्सरे कराने पड़ रहे हैं।
मरीजों की सुविधाओं के लिए प्रयासरत
पीएमओ डॉ. सीएल मीना ने बताया कि महिला एवं शिशु इकाई में इनडोर में मरीजों की सुविधा के लिए चैनल गेट लगाए जाएंगे। इससे आउटडोर में आने वाले मरीज अनावश्यक रूप से वहां नहीं जा सके। इसके अलावा लेबर रूम के मुख्य दरवाजे पर डोर क्लोजर लगाया जाएगा। इससे मच्छर व मक्खी आदि प्रवेश नहीं कर सके। मेडिकल वार्ड में भी महिलाओं को अलग भर्ती करने की सुविधा शुरू की गई है। फण्ड की कमी से डिजिटल एक्सरे फिल्म नहीं आ सकी। शीघ्र ही सुविधा शुरू हो जाएगी।





No comments:
Post a Comment