अलवर. सेना एवं नागरिक प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार से दो दिवसीय आपदा राहत अभ्यास एक्सरसाइज राहत शुरू होगा। अभ्यास में पहले दिन इटाराणा सैन्य क्षेत्र में भूकम्प आपदा को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाइज होगी, वहीं दूसरे दिन मंगलवार को भूकम्प की आपदा का प्रदर्शन कर राहत व बचाव कार्यों की एक्सरसाइज की जाएगी।
एक्सरसाइज राहत के नोडल अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम ओपी जैन ने बताया कि अलवर जिला भूकम्प जोन में शामिल है, इसलिए यहां भूकम्प को केन्द्र बिंदू मान एक्सरसाइज राहत का आयोजन किया जा रहा है। इस तरह की एक्सरसाइज अलवर के अलावा जयपुर व कोटा में भी हो रही है। मानवीय सहायता और आपदा प्रबंधन (एचएडीआर) की यह एक्सरसाइज सेना व नागरिक प्रशासन की ओर से की जा रही है। इसमें सेना के ब्रिगेडियर, कर्नल, लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर सहित अन्य अधिकारी शामिल होंगे, वहीं नागरिक प्रशासन के जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कलक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, यूआईटी, नगर परिषद, पीडब्ल्यूडी, नागरिक सुरक्षा, एसडीआरएफ सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।
पहले दिन वीडियो कॉफ्रेंसिंग से होंगे सवाल जवाब
एक्सरसाइज राहत के प्रथम दिन इटाराणा मिलट्री स्टेशन में सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक टेबल टॉप एक्सरसाइज में भूकम्प को लेकर विचार मंथन होगा। इसमें भूकम्प की आपदा के दौरान बचाव कार्य कैसे किए जाएं, बचाव के दौरान क्या-क्या सावधानियां बरती जाएं। आपदा से बचाव में किस विभाग की जिम्मेदारी क्या हो, राहत कार्य में किन-किन विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण हो आदि विषयों पर विचार मंथन किया जाएगा। वीडियो कॉफ्रेंसिंग के दौरान भूकम्प आपदा से जुड़े सवाल किए जा सकेंगे, जिनके उत्तर उच्च अधिकारी देंगे।





No comments:
Post a Comment