झुंझुनू।
जम्मू-कश्मीर के पिंगलीना इलाके में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हुए राजस्थान के सपूत हवलदार श्योराम को नम आंखों से अंतिम विदाई दे दी गई। 'श्योदान अमर रहे', 'पाकिस्तान मर्दाबाद' और 'भारत माता की जय' के जोशीले नारों के बीच शहीद का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
राज्य के सैनिक कल्याण विभाग मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्योराम के एक बेटा है, पत्नी गर्भवती है। उनका एक और भाई भी सेना में हैं, उनकी हिसार में तैनाती है। इससे पहले शहीद श्योराम की पार्थिव देह मंगलवार सुबह झुंझुनूं जिले में उनके पैतृक गांव टीबा पहुंची। शहीद का पार्थिव देह पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों की आंखों में आंसू आ गए। शहीद के परिजन रो-रोकर बेहाल हो रहे हैं। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह ही टीबा गांव पहुंच गए।
खाचरियावास ने की घोषणा
सैनिक कल्याण मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने शहीद श्योराम के परिजनों को सरकार की ओर से 50 लाख रुपए और एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। वहीं उन्होंने कहा कि शहीद के परिजनो को रोडवेज में निशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जायेगी। विधायक जितेन्द्र सिंह ने भी 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही विधायक कोटे से गाँव में स्मारक व सडक बनाने की घोषणा की।





No comments:
Post a Comment