चित्तौडग़ढ़. चोर-लुटेरों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। पुलिस की नींद नहीं टूट रही और चोर जिस समय लोग मॉर्निग वॉक पर जाने की तैयारी करते है उस समय बेखौफ लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है। वारदात भी कहीं दूरस्थ सूनसान क्षेत्र में नहीं बल्कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से २०० मीटर एवं कोतवाली थाने से करीब आधा किलोमीटर दूर मीरा मॉर्र्केट में हुर्ई। यहां सुबह ४.१५ बजे बाद चोरों ने एक मोबाइल शोरूम से करीब बीस लाख रूपए के मोबाइल और नकदी समेट ले गए। वारदात को अंजाम देने में दस बदमाश शामिल थे, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। चोरों ने बाद में एक अन्य मोबाइल के शोरूम में भी वारदात का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।
मूलत: सिंहपुर निवासी प्रवीण समदानी पुत्र मदनलाल समदानी का यहां मीरां मार्केट में मोबाइल का मोबाइल गैलेरी नाम से शोरूम है और दुकान की तीसरी मंजिल पर ही उनका निवास भी है। बुधवार को सुबह करीब साढे नौ बजे दुकान पर काम करने वाला जयेश दुकान खोलने आया तो दुकान का शटर ऊंचा किया हुआ था। सूचना पर प्रवीण नीचे आया और देखा तो पता चला कि शटर का ताला तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। दुकान में मोबाइल के खाली डिब्बे बिखरे हुए थे। इनमें सवा लाख रूपए का एक महंगा मोबाइल भी शामिल था। चोर दुकान से १०६ मोबाइल ले गए, जिनकी कीमत १८ लाख २ हजार २१५ रूपए है। इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे १ लाख ६७ हजार ९०० रूपए ले गए।
सूचना मिलने पर दुकान के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। बाद में कोतवाल ओमप्रकाश सोलंकी व सहायक उप निरीक्षक अमरसिंह, सिपाही मंजीतसिंह आदि वहां पहुंचे और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सुबह ४.१५ बजे दस बदमाशों के वारदात को अंजाम देते हुए फुटेज सामने आए। इनमें से दुकान में दो बदमाशों ने मोबाइल व नकदी समेटी और शेष दुकान के बाहर निगरानी करते रहे। बदमाशों ने दुकान के शटर का कुछ हिस्सा खोलकर वहां पर्दा लगा दिया और पर्दे की आड में ही दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
३७ मिनट में समेटा २० लाख का माल
सीसीटीवी में आए फुटेज के अनुसार चोरों ने बुधवार को तड़के ४.१५ बजे दुकान में प्रवेश किया और मात्र ३७ मिनट में वहां से मोबाइल और नकदी समेत बीस लाख का माल समेटकर तड़के ४.५२ बजे पंचायत समिति की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग की तरफ चले गए। जाते समय तड़के ४ बजकर ५२ मिनट १८ सैकण्ड पर एक आरोपी मोबाइल पर बातचीत करता सीसीटीवी फुटेज में नजर आया। चोर वारदात को अंजाम दे रहे थे, इसी दौरान दुकान के सामने से कचरा बीनने का काम करने वाली एक महिला भी जाती हुई सीसीटीवी फुटेज में नजर आई।
यहां भी किया चोरी का प्रयास
मोबाइल गैलेरी में वारदात को अंजाम देकर मंहगे मोबाइल बैगों में भरने के बाद चोर मुख्य सड़क पर आ गए और यहां चन्द्रा गिफ्ट के नए शोरूम के बाहर बैग रख दिए। इसके बाद चोरों ने यहां भी दुकान के शटर के आगे कपड़े का पर्दा लगाकर तीन बार शटर का ताला तोडऩे का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। यह सब पास ही स्थित एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दुकान संचालक संजय मेहता ने बताया कि यदि दुकान का शटर टूट जाता तो करीब बीस लाख रूपए के मोबाइल चोरी हो सकते थे। यहां सीसीटीवी कैमरे में एक आरोपी का चेहरा भी फुटेज में साफ नजर आ रहा है और उसे जब यह पता चला कि यहां कैमरा लगा हुआ है तो वह छिपने का प्रयास करते हुए भी नजर आ रहा है। यहां दुकान पर चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को ऊपर की तरफ मोड़ दिया।
वाहन का नहीं चला पता
वारदात को अंजाम देने में दस आरोपी शामिल थे। ये आरोपी किस वाहन में यहां आए थे, इस बारे में अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस टोल नाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने का काम भी कर रही है। वहीं एक आरोपी को मोबाइल पर बात करते देखा गया है, जिसका बीटीएस हासिल करने के भी प्रयास किए जा रहे है।
गश्त पर उठे सवाल
चोरों ने सुबह पांच बजे वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सजगता और गश्त व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर गए है। आए दिन हो रही चोरी और हत्या जैसी वारदातों को लेकर आमजन में पुलिस के प्रति आक्रोश है।
देखते ही फूट पड़ी रूलाई
शोरूम में हुई इतनी बड़ी वारदात के बाद दुकान संचालक और परिवार के अन्य सदस्यों की रूलाई फूट पड़ी। प्रवीण समदानी पुलिस को जानकारी देते हुए भी रोने लग गया। बाद में वहां मौजूद परिचितों ने उसे ढाढस बंधवाया।
हवा हो गए डीजीपी के आदेश
पुलिस महानिदेशक कपिल गर्ग ने हाल ही सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए थे कि वे अपने-अपने जिले में पुलिस गश्त व्यवस्था को चुस्त और मजबूत बनाएं और अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रयास करें। इसके बावजूद चित्तौड़ में चोर लचर हो चुकी गश्त व्यवस्था की मखौल बनाते हुए आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों से चार-पांच दुपहिया वाहन चोरी होना तो आम बात हो गई है।





No comments:
Post a Comment