अलवर. जिले को शीघ्र ही 569 शिक्षक मिल सकेंगे। शिक्षा निदेशालय ने रीट 2018 लेवल-1 के चयनित पात्रों को नियुक्तियां प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक शिक्षा एवं पंचायती राज प्रारम्भिक शिक्षा ने एक आदेश जारी कर राजस्थान प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक सीधी भर्ती 2018 लेवल-1 के अन्तर्गत प्रोविजनल चयनित अभ्यर्थियों की नामवार सूचियों के पात्र अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्तियां प्रदान करने को कहा है। इन सभी पात्र अभ्यर्थियों की विद्यालय आवंटन की सूचियों को भी जिला स्थापना समिति से अनुमोदित करवाया गया था। जिन अभ्यर्थियों के पद स्थापना काउन्सलिंग का जिला स्थापना समिति से अनुमोदन नहीं करवाया गया है, उनकी सूचियों को बुधवार को ही जिला स्थापना समिति से अनुमोदन करवाकर तत्काल नियुक्ति देने के आदेश दिए हैं।
शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं कई स्कूल
अलवर जिले में 569 शिक्षकों की नियुक्ति के बाद भी 450 शिक्षकों की कमी बरकरार रहेगी। प्रारिम्भक शिक्षा के कई स्कूलों को शिक्षकों की कमी से जूझना पड़ रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक पूनम गोयल ने बताया कि शिक्षकों की कमी नए शिक्षक मिलने से काफी हद तक कम हो जाएगी।
अभ्यर्थियों को यह देना होगा शपथ पत्र
पंचायती राज व प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक की ओर से जारी आदेश में कहा है कि सभी अभ्यर्थियों को पृथक से शपथ पत्र प्राप्त कर कार्य ग्रहण करवाया जाए। इन अभ्यर्थियों से इस आशय का शपथ पत्र लिया जाएगा कि उनको दी जा रही नियुक्ति माननीय उच्च न्यायालय में लम्बित सिविल रिट पिटिशन में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अध्याधीन रहेगी जिसकी पालना के लिए सभी बाध्य रहेंगे।





No comments:
Post a Comment