दौसा. शहर में तिवाड़ी मोहल्ले के छोटे बाजार में चोरों ने शनिवार रात को स्वर्णकार की एक दुकान का शटर उखाड़ कर करीब 30 हजार रुपए की चांदी व जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस ने बताया कि तिवाड़ी मोहल्ले के छोटे बाजार में चोरों ने कजोड़ मल सोनी की शुभलक्ष्मी आभूषण भण्डार की दुकान का पहले तो शटर का ताला तोडऩे का प्रयास किया, लेकिन जब ताला नहीं टूटा तो उन्होंने शटर को बगल में से उखाड़ लिया और दुकान में प्रवेश कर गए। उन्होंने दुकान में रखी करीब 30 हजार कीमत की चांदी व उसके जेवरात चुरा लिए। यहां तक की अन्दर रखी चांदी की गणेशजी की मूर्ति भी चुरा ले गए।
पुलिस की गश्त पर उठ रहे हैं सवाल
बसवा. कस्बे में शनिवार रात को चोर पुलिस गश्त को भेदते हुए चार दुकानों के ताले तोड़कर लाखों का सामान पार कर ले गए। दुकान मालिक रामनारायण सैनी ने बताया कि रामपुरा दरवाजे के पास झांझरिया फोटो सेंटर की दुकान के ऊपर सामान रखने के लिए कमरा बना हुआ है । चोरों ने रात को नीचे का ताला तोड़ कर ऊपर कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखे करीब दो लाख रुपए के तीन वीडियो कैमरे चुरा ले गए। चोर अलमारी का रखा हुआ सामान फैला गए। आवाज होने पर पड़ौसियों ने मोबाइल पर उनको सूचना दी। इसी प्रकार नीमला बाजार में चोर रात को सुरेश शर्मा की किराने की दुकान का ताला तोड़कर दो इलेक्टॉनिक कांटे व सिगरेट के 15 पैकिट, मोबाइल ओर गल्ले में रखे करीब 1000 रुपए निकाल ले गए।
इसी दुकान के सामने विश्वकर्मा फ्लोर मिल का ताला तोड़कर उसमें कोई ले जाने वाला सामान नहीं मिलने पर सामान को फैला गए। इसी के बगल में मोबाइल प्वाइंट की दुकान का शटर का ताला तोड़ दिया। लेकिन शटर के अंदर लगा ताला नहीं टूट पाया। ऐसे में इस दुकान में वे चोरी करने में कामयाब नहीं हो पाए। लोगों ने चोरी की पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया।
लोगों का कहना है कि पुलिस प्रतिदिन रात्रि को कस्बे में गश्त करती है, फिर भी चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चोर बाजार में से दो मोटर साइकिल उठा ले गए। चोरों ने रास्ते में रोक कर रेलवे कर्मचारी सुरेन्द्र सैनी को लूट लिया। लेकिन आज तक चोरियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। कस्बेवासी पुलिस की गश्त पर सवालियां निशान लग रहे हैं ।





No comments:
Post a Comment