Breaking News
recent

रणजी ट्रॉफी : फाइनल की जंग में उतरेंगे सौराष्ट्र और विदर्भ, जाफर बनाम पुजारा होगा मैच

नागपुर : रविवार से रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच विदर्भ और सौराष्‍ट्र के बीच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में मौजूदा चैम्पियन विदर्भ जहां अपने खिताब की रक्षा के लिए उतरेगा तो वहीं सौराष्ट्र पहली बार ट्रॉफी अपने नाम करने की कोशिश करेगा। विदर्भ ने जहां पहले सेमी फाइनल मुकाबले में केरल को पारी एवं 11 रनों से हराकर फाइनल में कदम रखा है तो सौराष्ट्र ने दूसरे सेमी फाइनल मैच में कर्नाटक को पांच विकेट से मात देकर फाइनल में जगह बनाया है।

सौराष्‍ट्र को जीत दिलाने की जिम्‍मेदारी पुजारा के कंधों पर
सौराष्ट्र तीसरी बार फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले उसे दो बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार वह खिताब जीतने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहेगी। आस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के हीरो रहे चेतेश्वर पुजारा के होने से सौराष्ट्र की टीम मजबूत नजर आ रही है। पुजारा ने सेमी फाइनल में नाबाद शतकीय पारी खेलकर सौराष्ट्र को खिताबी मुकाबले तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई है। पुजारा के अलावा सौराष्ट्र को बल्लेबाजी में शेल्डन जैक्सन, हार्विक देसाई और स्नेल पटेल से भी काफी उम्मीदें रहेंगी। टीम को यहां तक पहुंचाने में इन तीनों का अहम योगदान रहा है।
वहीं, गेंदबाजी की कमान कप्तान जयदेव उनादकट संभालेंगे। इस सीजन में बाएं हाथ के स्पिनर धर्मेद्र सिंह जडेजा ने भी अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया है। उन्‍होंने इस सीजन में अब तक 52 विकेट हासिल किए हैं।

जाफर के जादू पर विदर्भ की उम्‍मीद
विदर्भ की टीम मौजूदा चैम्पियन है। टीम के पास वसीम जाफर के रूप में एक ऐसा खिलाड़ी मौजूद है, जो रनों के मामले में शीर्ष पर चल रहे हैं और उनके पास कई फाइनल खेलने और जीतने का भी अनुभव है।
जाफर मुंबई के साथ रणजी ट्रॉफी खिताब जीत चुके हैं। पिछले साल चैम्पियन विदर्भ के साथ भी वह थे। इस सीजन में उनका बल्ला जमकर बोल रहा है और वह अभी तक 1003 रन बना चुके हैं। जाफर के अलावा संजय रामास्वामी और कप्तान फैज फजल भी लगातार रन बना रहे हैं। इनके अलावा आदित्य सरवाटे भी टीम की बल्लेबाजी में अहम योगदान देने का दम रखते हैं।
गेंदबाजी में विदर्भ का दारोमदार उमेश यादव और रजनीश गुरबानी के जिम्मे होगा। सरवटे भी अपनी फिरकी से सौराष्ट्र के बल्लेबाजों को परेशान करने का माद्दा रखते हैं। बाएं हाथ के स्पिनर सरवटे ने अभी तक 44 विकेट लिए हैं।

टीमें (संभावित ) :
सौराष्ट्र : चेतेश्वर पुजारा, अर्पित वासवादे, अग्निवेश अयाची, प्रेरक माकंड, एवि बेरोट, समर्थ व्यास, कृषण परमार, जय चौहान, शेल्डन जैक्सन, चिराग जानी, कमलेश मकवाना, शौर्या सनानंदिया, हार्दिक राठौड़, जयदेव उनादकट, धर्मेद्र सिंह जडेजा, युवराज चुदास्मा, स्नैल पटेल, हार्विक देसाई।

विदर्भ : फैज फजल, गणेश सतीश, रजनीश गुरबानी, वसीम जाफर, अक्षय कारनेवर, ललित एम यादव, संजय रामास्वामी, आदित्य सरवटे, अर्थवा टाइडे, आदित्य ठाकरे, अक्षय वादकर, श्रीकांत वॉ, अक्षय वखारे, अपूर्व वानखेड़े, सिद्धेश वाथ, दर्शन नालकंडे, उमेश यादव।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.